मध्य प्रदेश में एक महिला को अपने पति को कंधे पर बैठाकर सड़क पर घुमाया गया। दरअसल महिला पर किसी अन्य व्यक्ति के साथ प्रेम संबंध रखने का आरोप लगाया गया और फिर गांव वालों ने उन्हें ऐसी क्रूर सजा दी। महिला को ऐसी सजा दिये जाने का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में नजर आ रहा है कि यह महिला अपने पति को कंधे पर बैठाकर सड़क पर चल रही हैं। कई लोगों की भीड़ उनके साथ-साथ चल रही है। इन लोगों के हाथ में डंडा भी नजर आ रहा है। भीड़ में शामिल एक युवक महिला को डंडे से मारता भी है।

बताया जा रहा है कि यह घटना राज्य के झाबुआ जिले की है। यहां के एक आदिवासी-बाहुल्य गांव में रहने वाली इस महिला के साथ ऐसा सलूक किया गया है। यह वीडियो मंगलवार का बताया जा रहा है और यह अब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में नजर आ रहा है कि वहां कई लोग मौजूद हैं लेकिन कोई भी इस हंगामे से महिला को बचाने की कोशिश नहीं करता है।

इस मामले में महिला के पति समेत गांव के 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि महिला और उसके पति दैनिक मजदूर के तौर पर काम करते हैं। यह कपल कुछ दिनों पहले ही गुजरात से अपने गांव आया था।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक महिला के पति ने अपने परिवार वालों से आशंका जताई थी कि उसकी पत्नी का किसी के साथ प्रेम-प्रसंग था इसलिए उसे ऐसी सजा दी गई। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर देखने के बाद कई लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी थी।