मध्य प्रदेश के रीवा से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के गुढ़थाना क्षेत्र में पांच दरिदों ने मिलकर पति के साथ पिकनिक पर गई नवविहाहिता के साथ गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया। जानकारी अनुसार आरोपियों ने मारपीट कर पति को पेड़ से बांध दिया और फिर बारी-बारी से नवविवाहिता का रेप किया। पीड़िता चीखती रही, लेकिन आरोपियों ने पति-पत्नी की एक न सुनी। उन्होंने पूरी घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड किया।
आरोपी ने मीडिया प्रभारी के बेटे होने का दिखाया रौब
पूरी घटना के दौरान एक आरोपी ने खुद को मीडिया प्रभारी का बेटा बताया और धमकाते हुए ये कहा कि पुलिस-कलेक्टर किसी के पास भी चली जा, मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। हालांकि, शुक्रवार को जब मामले में तूल पड़का तो पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में से पांच गूढ़ के ही रहने वाले हैं। जबकि एक त्योंधरी और 2 जोरौट नईगढ़ी के रहने वाले हैं। आरोपियों की पहचान रावेश गुप्ता, सुशील कोरी, रामकिशन कोरी, दीपक कोरी, राजेंद्र कोरी, गरूण कोरी, लवकुश कोरी और रजनीश कोरी के रूप में हुई है।
घटना में शामिल आरोपी का वीडियो आया सामने
इस बीच, एक युवक का वीडियो सामने आया है। वीडियो में उसने रेप की बात कबूल की है। उसने कहा कि हम पांच लोग भैरव बाबा के मंदिर के पास घूमने गए थे। फिर बाद में दो और लोग आ गए। हमने नशा भी किया। तभी एक लड़के ने दंपति को चट्टान के पास बैठे देखा। ऐसे में वो वहां चला गया और उसके साथ ही हम लोग भी चले गए। वहां 4-5 लोगों ने युवती से गैंगरेप किया।
आरोपी ने वीडियो में कबूल किया कि उसने लड़की की गाड़ी का भी वीडियो बनाया था। लड़की का मोबाइल हमारे ही पास था। हालांकि, बाद में जब लड़की ने उससे मोबाइल मांगा तो उसने अन्य लड़कों से कहकर उसका मोबाइल दिलवाया।
पीड़िता ने सुनाई चौंकाने वाली आपबीती
आपबीती सुनाते हुए पीड़िता ने बताया कि 21 अक्टूबर की दोपहर हम दोनों भैरव बाबा के मंदिर गए थे। लौटते वक्त एक जगह रुक गए, तभी एक गुंडा आया। उसे देखकर हम वहां से जाने लगे। लेकिन तब तक चार और गुंडे आ गए।
पीड़िता ने बताया कि गुंडों में से एक ने कहा कि मैं मीडिया प्रभारी का लड़का हूं। तू पुलिस-कलेक्टर किसी के पास भी चली जाएगी तो मेरा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। गुंडे हमें कांच की बोतल दिखाकर धमका रहे थे। उन्होंने कहा कि अगर तुम लोगों ने शोर मचाया तो जान से मार देंगे।
विरोध करने पर मेरे पति को मारा-पीटा : पीड़िता
पीड़िता के अनुसार दोनों को पूरी तरह कंट्रोल में लिया और फिर मेरे साथ दुष्कर्म किया। वे दुष्कर्म का वीडियो भी बना रहे थे। उन्होंने हमसे हमारा फोन छीन लिया। बाइक की चाबी भी छीन ली। विरोध करने पर मेरे पति को मारा-पीटा। बाद में पत्थर से भी हमला किया।
इधर, घटना के संबंध में पुलिस ने बताया कि नवविवाहिता के साथ मंदिर से करीब दो किमी दूर कोड़िया नाला के पास रेप की घटना को अंजाम दिया गया था। पीड़िता अपने पति के साथ घूमने गई थी। रीवा एसपी विवेक सिंह ने बताया सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
एक आरोपी छत्तीसगढ़ भाग गया था। ऐसे में उसे वहां की पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया गया। पांच आरोपियों ने गैंगरेप करना स्वीकार किया है। जबकि तीन उनके सहयोगी थे। पेड़ से बांधने की बात सही नहीं है। मीडिया प्रभारी का बेटा बोलने वाली बात की जांच की जा रही है।