इधर मध्य प्रदेश के इंदौर में एक नाबालिग लड़की होर्डिंग के ऊपर चढ़ गई। लड़की अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग कर रही थी। यह मामला इंदौर के परदेसीपुरा का है। पुल पर लगी होर्डिंग के ऊपर बैठी लड़की की कुछ तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर सामने आई हैं। इन तस्वीरों में दिख रहा है कि लड़की होर्डिंग के ऊपर बैठी हुई है। नीचे लोगों की भारी भीड़ नजर आ रही है। नीचे लोग होर्डिंग पर चढ़ी लड़की को देख रहे हैं।

बताया जा रहा है कि लड़की परदेसीपुरा के भंडारी पुल पर लगे होर्डिंग पर चढ़ी हुई थी। परदेसीपुरा के थाना इंचार्ज अशोक पाटिदार ने मीडिया को बताया है कि ‘एक नाबालिग लड़की, लड़के से शादी कराने की मांग को लेकर होर्डिंग पर चढ़ गई थी। लड़की की मां को यह रिश्ता मंजूर नहीं था और इसी बात से नाराज लड़की होर्डिंग पर चढ़ गई थी। बाद में लड़के के हस्तक्षेप के बाद लड़की नीचे उतर आई।’

आपको बता दें कि अभी कुछ ही दिनों पहले उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से भी एक ऐसी ही खबर आई थी। यहां इंसाफ की मांग को लेकर एक वकील का पूरा परिवार पानी की टंकी पर चढ़ गया था। परिवार के सदस्यों का कहना था कि गांव के दबंग उन्हें परेशान कर रहे हैं औऱ उन्होंने उनके भाई को किडनैप कर लिया है लेकिन पुलिस-प्रशासन उनकी कोई मदद नहीं कर रहा है।

दिन के उजाले में पानी की टंकी पर चढ़े परिवार ने धमकी दी थी कि उन्हें वहीं धरने पर बैठने की इजाजत दी जाए वरना वो पेट्रोल छिड़क कर आग लगा लेंगे। इस मामले में पुलिस इस परिवार के सदस्यों से लगातार गुहार लगा रही थी कि वो नीचे आ जाएं। इस घटना का भी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।

परिवार के बारे में पता चला था कि वो मूल रूप से हरदोई के रहने वाले थे और उनका आऱोप था कि दबंगों ने उनकी जमीन भी हड़प ली है। लखनऊ में भी इससे पहले यह परिवार इंसाफ की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गया था।