लॉकडाउन के बीच क्वारन्टीन सेंटर में रह रही एक महिला ने एक पुलिसकर्मी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि शराब के नशे में यहां एक पुलिस वाले ने उनके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की और जब उन्होंने इसका विरोध किया तब उसने उनके साथ गंदा काम किया। मामला उत्तराखंड के उधमसिंह नगर का है। यहां एक क्वारन्टीन केंद्र में एक कपल रह रहा था। यह कपल दिल्ली से लौटा था जिसके बाद उन्हें नियमों के मुताबिक यहां क्वारन्टीन में रखा गया था।

घटना के बारे में विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि यह महिला इस क्वारन्टीन सेंटर की दूसरी मंजिल पर अपने पति के साथ ठहरी थीं। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी यहां शराब के नशे में पहुंचा और उसने उनका हाथ पकड़ कर उन्हें जबरदस्ती अपने साथ ले जाने लगा। उस वक्त महिला के पति भी वहां मौजूद थे। महिला के पति ने जब इस बात का विरोध किया तो पुलिसकर्मी की तरफ से कहा गया कि इस सेंटर में महिलाओं के रहने की अलग व्यवस्था की गई है।

हालांकि कपल ने इसके बावजूद पुलिस वाले का विरोध किया और उससे हाथ छुड़ाने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस वाले ने महिला के साथ गंदा काम किया। घबराई महिला ने किसी तरह अपने कमरे का दरवाजा बंद कर लिया। कपल ने अपने साथ हुई इस घटना की जानकारी तुरंत अपने परिवार वालों को दी। जिसके बाद महिला के परिजनों ने प्रशासन के पास अपनी शिकायत दर्ज कराई।

क्वारन्टीन सेंटर में पुलिसकर्मी द्वारा बदसलूकी किये जाने का यह मामला सामने आने के बाद यहां प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में आऱोपी पुलिसकर्मी को बर्खास्त कर दिया गया। वहीं यहां प्रशासन ने इस पूरे मामले में जांच के बाद आरोप सही पाए जाने पर दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की बात कही है।

आपको बता दें की जानलेवा बन चुके कोरोना वायरस को वैश्विक महामारी घोषित किया जा चुका है। भारत में इस महामारी के चेन को तोड़ने के लिए लॉकडाउन किया गया है। लॉकडाउन के दौरान सोशल डिस्टेन्सिंग औऱ क्वारन्टीन जैसे कुछ अहम नियम बनाए गए हैं। लोगों से कहा गया है कि वो इन नियमों का सख्ती से पालन करें।