बॉलीवुड हस्तियों की निजी जिंदगी को लेकर आम लोगों में काफी दिलचस्पी रहती है। आज बात हम कर रहे हैं अभिनेता विवेक ओबेरॉय की। कई बड़ी फिल्मों में काम कर चुके मशहूर एक्टर विवेक ओबेरॉय को एक बार जान से मारने की धमकी भी मिली थी।
जान से मारने की धमकी मिलने के बाद साल 2019 में मुंबई पुलिस को इस दिग्गज अभिनेता को सुरक्षा देनी पड़ी थी। उस वक्त पुलिस अधिकारियों ने इंटेलिजेंस इनपुट के आधार पर कहा था कि अभिनेता को जान से मारने की धमकी दिये जाने की खबर है। जिसके बाद उन्हें सुरक्षा प्रदान की गई है।
विवेक ओबेरॉय को दो निजी सुरक्षा अधिकारी दिये गये थे। इसके अलावा उनके घर के बाहर एक पुलिस वाहन भी उस वक्त पार्क किया गया था। ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
दरअसल उस साल अभिनेता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जिंदगी पर आधारित एक फिल्म में पीएम मोदी का किरदार निभाया था। यह फिल्म पहले 5 अप्रैल को रिलीज होनी थी। लेकिन चुनाव आय़ोग ने इसपर रोक लगाते हुए फिल्म को 23 मई को रिलीज करने के लिए कहा था। इस बीच विवेक ओबेरॉय ट्विटर पर दिग्गज अभिनेता कमल हासन और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से उलझ गये थे।
इससे सिर्फ 2 दिन पहले ही वो ऐश्वर्या राय बच्चन, अभिषेक बच्चन और सलमान खान को लेकर वो अपना एक मीम शेयर कर विवादों में फंस गए थे। इसपर राष्ट्रीय महिला आयोग ने उन्हें नोटिस भी दिया था। दरअसल विवेक ओबेरॉय ने तीन फोटो को मिलाकर एक फोटो बनाई थी।
इसमें सलमान खान, ऐश्वर्या राय बच्चन, वे खुद और आराध्या की अलग-अलग स्टेजेज की तस्वीरें थीं। एक तस्वीर पर ओपिनियन पोल लिखा हुआ था। दूसरी पर एग्जिट पोल लिखा था और तीसरी पर रिजल्ट लिखा हुआ था। जिसपर विवाद हो गया था और विवेक को माफी मांगनी पड़ी थी।
पीएम मोदी पर बनी फिल्म के रिलीज होने से 2 दिन पहले अभिनेता को जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसके बाद पुलिस ने उसकी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी थी।