कर्नाटक में नाबालिग लड़की से 5 महीने तक दुष्कर्म किये जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित लड़की का आरोप है कि इन पांच महीनों में 17 लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है। 15 साल की लड़की शिकायत के आधार पर 8 लोगों को फिलहाल पुलिस ने पकड़ा है। हैरानी की बात यह भी है कि पकड़े गए लोगों में पीड़िता लड़की की एक महिला रिश्तेदार भी शामिल है।
बताया जा रहा है कि चिकमंगलूर के जिला बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष की शिकायत के बाद इस मामले में शिकायत दर्ज कराई गई है। यहां की एडिशनल एसपी श्रीति ने मीडिया को जानकारी दी है कि पीड़ित लड़की एक स्टोन क्रशिंग यूनिट में काम करती थी। यहां उसकी मुलाकात गिरिश नाम के शख्स से हुई थी। गिरिश पेशे से बस ड्राइवर था। बताया जा रहा है कि सबसे पहले गिरिश ने ही नाबालिग लड़की का यौन शोषण किया। इसके बाद गिरिश ने अभि नाम के एक लड़के को पीड़ित लड़की का मोबाइल नंबर दिया। इस लड़के ने भी नाबालिग लड़की के साथ गंदी हरकत की।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गिरिश ने लड़की की गंदी तस्वीरें ली औऱ वीडियो भी बनाए। अभि ने लड़की को ब्लैकमेल भी किया। अभि के बाद उसके कई दोस्तों ने भी लड़की के साथ दुष्कर्म किया। इस मामले में पुलिस ने रेप के सभी आरोपियों की पहचान कर ली है और इनमें से 7 लोगों को अरेस्ट भी किया है। इस मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 201, 370 (तस्करी), 376 (3), 376 (N) के तहत केस दर्ज किया गया है।
पीड़िता की जिस एक महिला रिश्तेदार को पुलिस ने गिरफ्तार किया है उसके बारे में बताया जा रहा है कि उसी ने नाबालिग बच्ची को इस यूनिट में नौकरी दिलवाई थी। लड़की की मां की मौत तीन साल पहले हुई थी। यह भी बताया जा रहा है कि लड़की की महिला रिश्तेदार को उसके साथ हुई सभी ज्यादतियों के बारे में जानकारी थी लेकिन वो खामोश रही। बहरहार अब पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों को पकड़ने में जुटी हुई है।

