उत्तर प्रदेश के कानपुर में घर में घुसकर डबल मर्डर की वारदात सामने आई है। शुक्रवार (5 जुलाई) की रात को यहां बदमाशों ने एक बुजुर्ग महिला और उसके नाती की गोली मारकर हत्या कर दी। जब बुजुर्ग महिला की बेटी घर पहुंची तो दर्दनाक मंजर देख होश उड़ गए। बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी वहीं नाती को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दोहरे हत्याकांड से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे आईजी, एसएसपी, एसपी समेत फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
चकेरी थाना क्षेत्र स्थित सनिगवां में रहने वाले मनोज गुप्ता का जाजमऊ में शू ट्रेडिंग का काम है। वहां पत्नी कोमल, बेटी सौम्या (13), बेटा कुणाल (15) और नानी शांतिदेवी (75) के साथ है। कोमल की सनिगवां रोड पर कॉस्मेटिक्स की दुकान है। मनोज गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार की सुबह कुणाल और सौम्या स्कूल गए थे। बच्चों को स्कूल भेजने के बाद कोमल दुकान खोलने के चली गई थी। दोपहर को जब बच्चे स्कूल से वापस लौटे तो घर से खाना खाने के बाद कुणाल और सौम्या मां के पास दुकान चले गए थे। घर पर शांतिदेवी अकेली थीं। शाम के वक्त कोमल ने कुणाल से पनीर खरीदकर घर पहुंचाने के लिए कहा था। कुणाल पनीर लेकर घर गया था इसके बाद उनके साथ क्या हुआ किसी को सही जानकारी नहीं है।
National Hindi News, 06 July 2019 LIVE Updates: पढ़ें आज की बड़ी खबरें
उन्होंने बताया, ‘जब कोमल शाम को दुकान बंद करके घर पहंची तो पूरे घर की लाइट बंद थी। उसने जब लाइट जलाई तो देखा कि पीछे के रूम में शांतिदेवी और बेटा खून से लथपथ पड़े हुए थे। कोमल ने इस घटना की जानकारी मुझे और पुलिस को दी। कुणाल की सांसें चल रही थीं, उसे लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों उसे मृत घोषित कर दिया। हमारी किसी से दुश्मनी नहीं है। किसने इस घटना को अंजाम दिया कुछ नहीं पता है।’
Bihar News Today, 06 July 2019: बिहार से जुड़ी बड़ी खबरों के लिए यहां क्लिक करें
एसएसपी अनंत देव के मुताबिक चकेरी के सनिगवां क्षेत्र में ये मकान एकांत में बना है। जिसके चारों तरफ फील्ड है, यहां पर एक बुजुर्ग महिला और एक लड़के की हत्या हुई है। प्रथम दृष्ट्या ऐसा लग रहा है कि नजदीक से सटाकर गोली मारी गई है। इस घटना के खुलासे के लिए चार टीमें बनाई गई हैं। परिवार ने कुछ लोगों पर शक जताया है उस पर भी काम किया जा रहा है।

