झारखंड की राजधानी रांची की रहने वाली एक महिला पर अपने बेटे और पति की हत्या का आरोप लगा है। घटना रांची के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के न्यू कॉलोनी की है। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। आरोपी महिला का नाम सुषमा गुड़िया बताया जा रहा है। इस इलाके में यह महिला अपने पति लुकस गुड़िया और बेटे अमित के साथ पिछले 3 महीने से किराये के एक मकान में रहती थी।
कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सुषमा को अपने पति लुकस पर पिछले कई दिनों से किसी महिला से अवैध संबंध रखने का शक था। शनिवार की देर रात इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। इसी रात महिला ने मौका पाकर तेज धार वाले हथियार से अपने पति और 5 साल के बच्चे पर हमला कर दिया। इस हमले में मासूम बच्चे की मौत मौके पर ही हो गई जबकि उसका पति गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
सुबह इलाके के लोगों की नजर इनके घर पर पड़ी तो सभी चौक गए। लुकस गुड़िया का घर बाहर से बंद था और काफी देर तक वहां कोई नहीं आया था। गांव वालों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस दरवाजा खोलकर अंदर दाखिल हुई। घर के अंदर 5 साल के अमित का शव खून से सना पड़ा था। जबकि लुकस भी घर के अंदर रक्तरंजित अवस्था में निढ़ाल था।
जख्मी हालत में लुकस को रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि अस्पताल में लुकस ने भी दम तोड़ दिया। पुलिस को अंदेशा है कि महिला ने पति और बच्चे पर हमला करने के बाद घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और फिर फरार हो गई। इस मामले में पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल किये गये हथियार को बरामद कर लिया है।
हालांकि अभी सुषमा गुड़िया को पुलिस पकड़ नहीं पाई है। यहां पुलिस आरोपी सुषमा की तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के पकड़े जाने के बाद कानून के मुताबिक इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।

