Jammu-Kashmir : जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में एक सप्ताह पहले लापता हुई एक महिला के शरीर के कटे हुए हिस्से पुलिस को मिलने के बाद भारी विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। पुलिस ने कहा कि आरोपी 45 वर्षीय शब्बीर अहमद बढ़ई है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने जानकारी दी है कि आरोपी के साथ पूछताछ के बाद जंगल के कई हिस्सों से महिला के शरीर के अंग इकट्ठे किए गए हैं। शब्बीर अहमद बढ़ई ने 30 वर्षीय महिला का कथित तौर पर अपहरण कर लिया था। वह दोनों एक दूसरे को जानते थे। पुलिस ने कहा कि उसकी हत्या करने के बाद उसने उसके शरीर के टुकड़े किए और उन्हें कई जगहों पर फेंक दिया।
हत्या को लेकर लोगों में रोष
जम्मू कश्मीर के बडगाम जिले में एक महिला एक सप्ताह पहले गायब हो गयी थी। परिवार ने पुलिस को इस बात की जानकारी दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की तो जानकारी सामने आई कि महिला की हत्या हुई है और उसके शरीर के कई टुकड़े कर दिए गए हैं। इस वीभत्स हत्या के विरोध में सैकड़ों लोग आरोपी शब्बीर अहमद बढ़ई के घर के बाहर जमा हो गए और उनकी फांसी की मांग की।
विरोध प्रदर्शन में शामिल बड़ी संख्या में महिलाओं ने कहा कि आरोपी को उन्हें सौंप दिया जाना चाहिए ताकि उसका भी वही हश्र हो जो महिला के साथ उसने किया है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की आरोपी को ऐसी सजा दी जाए कि यह एक उदाहरण बन जाए।
पुलिस सूत्रों ने कहा कि महिला की हाल ही में मंगनी हुई थी और ऐसा लगता है कि अहमद ने इस पर आपत्ति जताई थी। वह 7 मार्च को लापता हो गई थी, जिसके बाद उसके परिवार ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने बढ़ई को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की, जिससे शरीर के अंगों की खोज हुई।