जम्मू कश्मीर (Jammu Kashmir) में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं पर हमले का सिलसिला नहीं थम रहा। रविवार की सुबह मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में बीजेपी नेता अब्दुल हामिद नजर को गोली मार दी गई। अब्दुल हामिद बीजेपी से जुड़े थे और बताया जाता है कि वो पार्टी के लिए काफी सक्रिय होकर यहां काम कर रहे थे। अब्दुल हामिद भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा के बडगाम अध्यक्ष भी थे।

BJP नेता को पेट में मारी गोली: 38 साल के अब्दुल हामिल नजर को उस वक्त गोली मारी गई जब वो मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। मोहिंदपोरा के रहने वाले अब्दुल हामिद के पेट में गोली लगी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक नाजुक हालत में हामिद को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इधर भाजपा एक्टिविस्ट को गोली मारे जाने के बाद यहां भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्त अल्ताफ ठाकुर ने इस घटना की कड़ी निंदा की है।

5 दिन में 3 BJP नेता को मारी गोली: हाल के दिनों में जम्मू कश्मीर में BJP नेताओं पर हमला किये जाने की घटनाएं बढ़ी हैं। पिछले 5 दिनों में यह तीसरा हमला है। इससे पहले गुरुवार को दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड इलाके में एक सरपंच की हत्या कर दी गई थी। आतकंवादियों ने सज्जाद अहमद को कुलगाम जिले के वेस्सु स्थित घर के बाहर ही गोली मार दी थी। घायल हालात में उन्हें हॉस्पिटल लेकर जाया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली थी। सज्जाद अहदम बीजेपी से जुड़े हुए थे।

इसी जिले में आतंकवादियों के हमले में एक अन्य सरपंच आरिफ अहमद शाह भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे। एक पुलिस अधिकारी ने बताया था कि आरिफ अहमद शाह को अखरान इलाके में कुछ दिनों पहले रात करीब 9.30 बजे गोली मारी गई थी। यह भी जानकारी सामने आई थी कि आरिफ अहमद शाह भारतीय जनता पार्टी (BJP) से जुड़े हुए थे।

इससे पहले जून में कश्मीरी पंडित सरपंच अजय पंडित की हत्या कर दी गई थी। अजय पंडित कांग्रेस से जुड़े हुए थे और घाटी में कश्मीरियों की वापसी को लेकर काफी काम भी करते थे। बाद में सुरक्षा बलों ने दावा किया था कि उन्होंने अजय पंडित की हत्या में शामिल आतंकवादी को मुठभेड़ में मार गिराया है।