जम्मू कश्मीर में एक महिला पर आरोप है कि उसने एक दर्जन से अधिक पुरुषों से निकाह किया और फिर उन्हें धोखा देकर मेहर के पैसे और सोना लेकर भाग गई। आरोपी महिला का नाम शाहीन अख्तर है और वह 30 साल की है। उस पर आरोप है कि उसने अब तक अपने जाल में 12 से अधिक लोगों को फंसाया, उनसे निकाह किया और फिर पैसे और गहने लेकर रफू चक्कर हो गई। फिलहाल आरोपी शाहीन को गिरफ्तार किया गया है। जिन पुरुषों को उसने धोखा दिया था उनमें से किसी को भी उसका असली नाम और पता मालून नहीं था। इस सच्ची घटना के बारे में जानकर आपको सोनम कपूर की फिल्म डॉली की डोली फिल्म की याद आ जाएगी। हर बार यह महिला किसी को अपने जाल में फंसाती फिर उनसे कानूनी तौर पर निकाह करती और फिर गायब हो जाती।

जिन पुरुषों के साथ धोखा हुआ था वे एक-एक करके सामने आते गए

इस महिला के बारे में खुलास तब हुआ जब एक शख्स ने निकाह करने औऱ फिर धोखा देने का आरोप लगाया। यह खबर जब फैली तो वे सभी पुरुष सामने आने लगे जिनके साथ धोखा हुआ था। इस तरह पुरुषों का एक समूह सामने आया। बाद में पता चला कि सभी को धोखा देने वाली महिला अलग-अलग नहीं बल्कि एक ही है। जब सच्चाई सामने आई तो सभी को होश उड़ गए। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया कि महिला ने कितनों से निकाह किया मगर इतना पता है कि मामला दर्जन भर से अधिक है। कोई कह रहा है कि 20 से अधिक शादियां की तो कोई कह रहा है कि 27 पुरुषों को बेवकूफ बनाया।

पीड़ित मोहम्मद अल्ताफ मीर की वजह से हुआ मामले का खुलासा

मामले का खुलासा तब हुआ जब मोहम्मद अल्ताफ मीर ने उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर शाहीन को हिरासत में लिया। मोहम्मद अल्ताफ ने शाहीन पर शादी के बाद धोखा देने का आरोप लगाया था। मोहम्मद अल्ताफ मीर ने 5 जुलाई को शाहीन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत ने पंडोरा का पिटारा खोल दिया क्योंकि कई लोग शाहीन पर शादी के बाद धोखा देने का आरोप लगाने लगे। वे सभी एक साथ सामने आ गए।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी शाहीन को पिछले हफ्ते राजौरी के नौशेरा कस्बे से गिरफ्तार किया। हालांकि पुलिस अभी तक पीड़ितों की संख्या का पता नहीं लगा पाई है। बडगाम के मोहम्मद अल्ताफ मीर ने आरोप लगाया कि एक बिचौलिए ने शाहीन से मुलाकात करवाई थी। इसके बाद उसने शाहीन से निकाह कर लिया। निकाह के बाद 4 महीने दोनों साथ रहे इसके बाद शाहीन नकदी और सोना लेकर गायब हो गई।

पीड़ित पुरुषों का समूह पहुंचा कोर्ट

मीर की शिकायत के आधार पर शाहीन के खिलाफ मध्य कश्मीर के बडगाम में भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 120बी के तहत मामला दर्ज किया गया और 14 जुलाई को उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं जब पीड़ित पुरुषों को पता चला कि शाहीन अग्रिम जमानत की मांग कर रही है तो वे एक समूह के रूप में बडगाम कोर्ट परिसर में इकट्ठा हो गए। उन्होंने बताया कि शाहीन ने उनसे निकाह किया फिर अचानक घर छोड़ कर चली गई। रिपोर्ट्स के अनुसार, शाहीन हर शादी के कुछ महीनों बाद गहनें और मेहर के पैसे लेकर भाग जाती थी।