केरल के लुलु मॉल में एक 23 साल का शख्स बुर्का पहनकर महिलाओं के टॉयलेट में घुस गया और फिर फोन से वीडियो बनाने लगा। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह घटना बुधवार को हुई। पुलिस के अनुसार, आरोपी बी.टेक स्नातक की पढ़ाई कर रहा है। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354सी (ताक-झांक), 419 (भेष बदलने) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66ई के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। इस खबर के बारे में जानकर स्थानीय महिलाओं में दहशत का माहौल है। वहीं लोग इस बारे में जानकर हैरानी जता रहे हैं। लोगों को यकीन नहीं हो रहा है कि एक आईटी प्रोफेशनल इस तरह की हरकत कर सकता है।
कार्डबोर्ड बॉक्स में मोबाइल रखकर वॉशरूम के दरवाजे पर चिपका दिया
इस मामले में कलामसेरी थाने एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी को एक स्थानीय अदालत में पेश किया गया। इसके बाद उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी इन्फोपार्क स्थित एक आईटी कंपनी में काम करता है। उसने महिलाओं के वीडियो शूट करने के लिए बकायदा पहले प्लानिंग की।
दुकान से खरीदा बुर्का
इसके लिए उसने दुकान से बुर्का खरीदा। योजना के अनुसार वह बुर्का पहनकर लुलू मॉल में गया और महिलाओं के वॉशरूम में घुस गया। उसने अपना मोबाइल वॉशरूम में रख दिया। इसके लिए उसने अपना फोन एक छोटे ‘कार्डबोर्ड बॉक्स’ में रख दिया और वीडियो बनाने के लिए उसमें एक छेद कर वॉशरूम के दरवाजे पर चिपका दिया।
पुलिस ने जब्त किया फोन और बुर्का
इसके बाद आरोपी वहां से निकला और वॉशरूम के मेन गेट के सामने खड़ा हो गया। पुलिस ने कहा कि पूछताछ में पता चला कि वह महिला का भेष धारण करके अपने मोबाइल से वॉशरूम में महिलाओं का वीडियो बना रहा था। इसके बाद आरोपी का बुर्का और मोबाइल फोन जब्त कर उसे हिरासत में लिया गया। अधिकारी ने कहा कि पुलिस यह पता लगा रही है कि क्या आरोपी ने पहले भी कहीं इस तरह की हरकतें की थीं। फिलहाल आगे की कार्रवाई की जा रही है।