डेटिंग ऐप्स के चक्कर में गुरुग्राम का एक शख्स दो लाख रुपए गंवा बैठा। बंबल डेटिंग एप का सहारा लेने वाले शख्स के लिए दो लाख रुपये के नुकसान की वजह उसकी कथित प्रेमिका बनी। क्योंकि उसको बंबल डेटिंग एप पर मिली महिला एक खतरनाक स्कैमर निकली। रिपोर्ट्स के मुताबिक गुरुवार को गुरुग्राम पुलिस ने आईटी सेक्टर में काम करने वाली एक महिला को एक व्यक्ति से छेड़छाड़ का झूठा आरोप लगाकर पैसे ऐंठने के आरोप में गिरफ्तार किया।

बलात्कार और छेड़छाड़ के आरोप लगाकर ऐंठते थे लाखों रुपए

पुलिस के मुताबिक महिला डेटिंग ऐप पर शख्स से मिली और अपने एक साथी की मदद से उससे दो लाख रुपये की मांग की। गनीमत यह रही कि पुलिस ने महिला के साथी को बुधवार को पैसे की अदला-बदली के दौरान रंगेहाथ पकड़ लिया। महिला और उसके साथी के खिलाफ डीएलएफ फेज 3 पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि दोनों ने इसी तरह 12 अन्य लोगों को धोखा दिया था और पिछले दिनों पांच लोगों के खिलाफ झूठे बलात्कार और छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे।

क्या है अंदर की कहानी? कैसे हुई फंसाने की शुरुआत

पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला की पहचान बिहार की रहने वाली बिनीता कुमारी के रूप में हुई है। वहीं उसका साथी महेश फोगाट हरियाणा के रोहतक जिले के भलोठ गांव का रहने वाला है। बिनीता कुमारी गुरुग्राम में ही एक आईटी कंपनी के लिए काम करती हैं और महेश फोगाट एक एनजीओ में काम करता था। उस पर पहले भी एक केस दर्ज था। दोनों बंबल डेटिंग ऐप के जरिए दो साल पहले एक-दूसरे से जुड़े थे। इसके बाद दोनों ने मिलकर लोगों से पैसे ऐंठने के लिए यह गंदा काम शुरू किया था।

होटल बुलाया, जबरन बीयर पिलाने की कोशिश फिर धमकी

पुलिस के सामने दर्ज शिकायत के मुताबिक महिला 28 मई को पीड़ित को गुरुग्राम सेक्टर 23 इलाके में स्थित एक होटल में ले गई। वहां उसने पीड़ित को बीयर पीने के लिए मजबूर करने की कोशिश की। उसे लगा कि कुछ गड़बड़ है और उसने बीयर पीने से मना कर दिया। इसके बाद वह तेजी से होटल से निकल गया। बाद में महिला ने दोबारा उसको बुलाया और उस पर गलत व्यवहार करने और उसके साथ छेड़छाड़ करने का झूठा आरोप लगाया। उसने पीड़ित के खिलाफ गुरुग्राम के डीएलएफ फेज-3 पुलिस स्टेशन में केस करने की धमकी भी दी।

50 हजार देने के बाद पीड़ित ने ली पुलिस की मदद

पुलिस के अनुसार इसके बाद महिला के साथी महेश फोगाट ने पीड़ित को फोन किया और मामले को निपटाने के लिए 5 लाख रुपये की मांग की, लेकिन आखिरकार दो लाख रुपये देने पर दोनों पक्ष राजी हो गया। पीड़ित ने दोनों को 50 हजार रुपये दिए और बाकी रकम जल्द देने का वादा किया। हालांकि, उसने समझदारी दिखाते हुए मदद के लिए पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद गुरुग्राम पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। पीड़ित ने महिला को मौलसरी मार्केट में साईं मंदिर के पास बुलाया। पुलिस ने वहीं महेश फोगाट को पैसे लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

फिशिंग के बढ़ते मामलों के बीच वो सावधानियां जो आपको ऑनलाइन ठगी का शिकार होने से बचा सकती हैं | Video

पहले भी बलात्कार और छेड़छाड़ के पांच झूठे मामले दर्ज करवाए थे

गुरुग्राम एसीपी कौशिक के अनुसार बिनीता कुमारी को बाद में गुरुग्राम के डीएलएफ-3, यू ब्लॉक से गिरफ्तार किया गया था। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने उनके पास से ठगी के 50 हजार रुपये भी बरामद किए। पीड़ित से इस रकम को जबरन वसूली के हिस्से के रूप में ठगा गया था। पुलिस आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन भी बरामद किए।

हैरत करने वाली बात यह सामने आई कि आरोपी महिला ने इससे पहले भी बलात्कार और छेड़छाड़ के पांच झूठे मामले दर्ज करवाए थे। कुछ लोगों से उसने पैसे भी ऐंठे थे। दोनों आरोपी बिनीता कुमारी और महेश फोगाट को एक ही दिन गुरुग्राम की एक अदालत में पेश किया गया था और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।