मध्य प्रदेश के इंदौर से एक हैरान कर देना वाला सामने आया है। जिसमें एक 24 वर्षीय युवक ने चांदी की पायल व गहनों के लिए अपनी दादी की कथित तौर पर हत्या कर दी और फिर बुजुर्ग महिला के पैर भी काट दिए। वहीं, हत्या करने के बाद युवक ने अपने भाई की मदद से शव को ठिकाने भी लगा दिया था लेकिन अब पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने मामले में बताया कि घटना खुदेल इलाके की है, जहां एक 75 वर्षीय महिला जमनाबाई शुक्रवार रात से लापता थी। महिला के लापता होने के बाद परिजनों ने सोमवार को उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। ऐसे में जब मामले में जांच की गई तो मृतका का शव खुदेल स्थित घर के पीछे बने बायोगैस प्लांट के गड्ढे में मिला था।

मृतका का शव मिलने के बाद परिजनों ने दावा किया था कि महिला ने चांदी की पायल सहित कुछ गहने पहन रखे थे, जो कि गायब थे। शव मिलने के बाद पुलिस ने मंगलवार को खुदेल थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। हालांकि, जब पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि मृतका अपने पोतों के साथ रहती थी; जिनके पिता का निधन कुछ समय पहले हो चुका था।

https://youtu.be/eleYyfVOU1A

मामले में संदेह के आधार पर पुलिस ने जब पोते को हिरासत में लिया तो उनके पास से महिला के गहने व पायल बरामद की गई। पुलिस ने कहा कि शुक्रवार को पोते राजेश ने महिला से कुछ पैसे मांगे थे, क्योंकि वह अपने चाचा के बेटे की शादी में मदद करना चाहता था। ऐसे में जमनाबाई ने बताया कि उनके पास पैसे नहीं हैं, जिस पर दोनों की बहस हो गई थी।

इसी बहस के दौरान राजेश ने महिला से उसकी चांदी की पायल मांगी, जिसका वजन करीबन 750 ग्राम था; लेकिन जमनाबाई ने पायल देने से इंकार कर दिया। इसके बाद झल्लाए राजेश ने अपने हाथों से महिला का गला घोंट कर हत्या कर दी फिर आरी से पैर काटकर पायल और गहने लेकर चला गया।

घटना को अंजाम देने के बाद उसने अपने भाई सुरेश को फोन कर इसकी जानकारी दी। फिर दोनों ने मिलकर शव को ठिकाने लगाने का फैसला किया और उसे अपने घर के पीछे एक बायोगैस प्लांट के गड्ढे में फेंक दिया और फरार हो गए। मामले में एसपी (ग्रामीण) भागवत सिंह ने बताया कि जब पूछताछ की गई तो राजेश नाम के युवक ने अपना जुर्म कबूल कर लिया

एसपी (ग्रामीण) भागवत सिंह ने बताया कि, मृतका के पांच बेटे और एक बेटी थी लेकिन वह अपने दो पोतों के साथ रहती थी। उन्होंने कहा कि, मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आईपीसी की सुसंगत धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।