दिल्ली पुलिस ने एक ऐसे शख्स को गिरफ्तार किया है, जिसने 2008 में इंडियन क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग के एक रिश्तेदार की हत्या कर दी थी। बताया जा रहा है कि आरोपी के खिलाफ मर्डर के कुल 4 मामले दर्ज हैं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान दर्शन डबास के रूप में हुई है। उसने 2018 में प्रॉपर्टी के विवाद के चलते नजफगढ़ में एक शख्स की हत्या कर दी थी, जिसके बाद से वह फरार चल रहा था। दर्शन को द्वारका में मुठभेड़ के बाद पुलिस ने गिरफ्तार किया।

सहवाग के रिश्तेदार की हत्या का आरोप: क्राइम ब्रांच के एक सीनियर पुलिस अफसर के मुताबिक, दर्शन ने सहवाग के रिश्तेदार हितेंद्र डागर की हत्या उस वक्त की थी, जब वह एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद कार से अपने घर लौट रहे थे। इसके बाद दर्शन को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया था। 2011 में उसे जमानत मिल गई थी। बताया जाता है कि दर्शन ने कथित तौर पर प्रॉपर्टी विवाद के चलते हितेंद्र को गोली मार दी थी।

Hindi News Today, 08 November 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की तमाम अहम खबरों के लिए क्लिक करें

हत्या के कुल 4 मामले दर्ज: बताया जा रहा है कि आरोपी दर्शन के खिलाफ हत्या के कुल 4 मामले दर्ज हैं। इनमें सहवाग के रिश्तेदार का मर्डर भी शामिल है। बताया जा रहा है कि दर्शन ने आखिरी हत्या 2018 में की थी। उस दौरान उसने दिल्ली के नजफगढ़ इलाके में एक शख्स को जान से मार डाला था। पुलिस का दावा है कि इस वारदात को भी प्रॉपर्टी विवाद के चलते अंजाम दिया गया था।

पुलिस ने दी यह जानकारी: क्राइम ब्रांच के डीसीपी राजेश देव ने बताया, ‘‘बुधवार को पुलिस को जानकारी मिली थी कि आरोपी दर्शन द्वारका सेक्टर-23 में आने वाला है। पुलिस को देखते ही उसने भागने की कोशिश की, लेकिन वह पुलिस की गाड़ी से टकरा गया। इसके बाद वह फायरिंग करने लगा और एक गोली जवान की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। जवाबी कार्रवाई के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।’’