India lockdown: देश में जारी लॉकडाउन के बीच यह शख्स अपनी प्रेमिका से मिलने गया हुआ था। लेकिन उसे नहीं मालूम था कि यह उसकी प्रेमिका से आखिरी मुलाकात होने वाली है। मामला झारखंड की राजधानी रांची का है। शुक्रवार (27 मार्च, 2020) की सुबह करीब 11.30 बजे जब कुचू गांव के एक खेत से एक युवक की लाश मिली तो हड़कंप मच गया। दरअसल यहां खेत में कुछ महिलाएं पत्ता चुनने के लिए गई हुई थीं लेकिन यहां खेत के पास बने एक गड्डे में युवक की लाश देखकर उनके होश उड़ गए।

महिलाओं ने तुरंत गांव वालों को इस बारे में जानकारी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने लाश मिलने की सूचना ओरमांझी थाने को दी। मामले की संवदेनशीलता को समझते हुए पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया।

मृतक युवक की पहचान मनोज के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि मनोज इस गांव में अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए आय़ा हुआ था। लेकिन लड़की के घरवालों को इस बात की भनक लग गई। इसके बाद लड़की के परिजनों ने गांव वालों की मदद से मनोज को मौत के घाट उतार दिया।

मनोज की हत्या गला रेत कर की गई है। हालांकि उसकी हत्या में कौन-कौन लोग शामिल थे? अभी इस बात का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मनोज की प्रेमिका के परिजनों को फिलहाल हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

यह भी पता चला है कि अभी एक महीने पहले भी मनोज यहां अपनी प्रेमिका से मिलने आया हुआ था। उस वक्त जब गांव के लोगों ने उसे पकड़ा था तब पेड़ से बांध कर उसकी पिटाई की गई थी। लेकिन इस बार मनोज की हत्या ने सनसनी मचा दी है। अब पुलिस इस मामले में हत्यारे को खोजने में जुटी हुई है।

आपको बता दें कि देश में वक्त लॉकडाउन है औऱ आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों के अलावा किसी को भी अपने घर से निकलने की मनाही है। ऐसे में झारखंड में हुई इस वारदात ने पुलिस के भी कान खड़े कर दिये हैं।