India Lockdown, Coronavirus (Covid-19): देश में लॉकडाउन है और इस वक्त लड़ाई कोरोना जैसी घातक महामारी से हो रही है। इस बीच एक चौंकाने वाली खबर आई है तमिलनाडु से। यहां क्वारनटीन से भागे एक शख्स ने महिला को दांत कांट लिया जिससे उनकी मौत हो गई। मामला तमिलनाडु के थेनी जिले का है। जानकारी के मुताबिक यह शख्स कुछ दिनों पहले श्रीलंका से लौटा था। विदेश से लौटने की वजह से इस युवक को होम क्वारनटीन किया गया था। कुछ दिनों तक क्वारनटीन में रहने के बाद अचानक एक दिन यह शख्स क्वारनटीन से भाग खड़ा हुआ।

गंभीर बात यह भी है कि यह शख्स बिना कपड़ों के ही होम क्वारनटीन से भाग गया था। होम क्वारनटीन से भागने के बाद इस शख्स ने अचानक 90 साल की एक बुजुर्ग महिला नचियाम्मल पर हमला कर दिया। इस शख्स ने महिला की गर्दन पर अपनी दांत से काट लिया। दांत से काटे जाने पर महिला की चीख निकल गई। महिला की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां जमा हो गए। उन्होंने किसी तरह इस महिला को इस युवक के चंगुल से छुड़ाया।

घायल अवस्था में महिला को इलाज के लिए थेनी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत से इलाके के लोग सन्न रह गए। इधर इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। इलाके के कुछ लोगों का कहना है कि होम क्वारनटीन में रहने की वजह से वो काफी परेशान था। इसी वजह से वो क्वारनटीन से भाग गया।

बहरहाल आपको बता दें कि देश में कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए ही विदेश से आने वाले लोगों को क्वारनटीन में रहने की सलाह दी गई थी। ऐसे विदेश से आने वाले लोगों को 14 दिनों तक खुद को क्वारनटीन में रखना पड़ता है। इस दौरान वो किसी से भी नहीं मिल सकते और अपने घर में अकेले ही रहते हैं।

भारत में कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 1000 के आसपास पहुंच चुकी है। यहां केंद्र सरकार ने देश भर में लॉकडाउन का ऐलान किया है। जिसके बाद लोगों को अपने घरों में ही रहने के लिए कहा गया है।