लू़डो खेलने के दौरान यह युवक कई बार अपनी पत्नी से हार गया। इस बात से युवक इतना नाराज हुआ कि उसने अपनी पत्नी की बेरहमी से पिटाई कर दी। मामला गुजरात के वडोदरा का है। पीड़ित महिला पेशे से शिक्षक हैं। बताया जा रहा है कि लॉकडाउन के दौरान पति-पत्नी अक्सर ऑनलाइन लूडो खेला करते थे। ‘Times Now’ की रिपोर्ट के मुताबिक महिला नहीं चाहती थी कि उसका पति घर से बाहर जाए। लिहाजा उसी ने अपने पति को घर में ऑनलाइन लूडो खेलने की योजना के बारे में बताया।
महिला का पति अपनी पत्नी की बात मानकर घर में लूडो खेलने के लिए तैयार हो गया। बताया जा रहा है कि लूडो में यह युवक अपनी पत्नी से 3-4 राउंड हार गया। लूडो में हारने के बाद इस युवक का अपनी पत्नी से बकझक शुरू हो गया।
बात इतनी बढ़ गई कि युवक ने अपनी पत्नी की पिटाई शुरू कर दी। युवक ने अपनी पत्नी को पीट-पीट कर उसकी रीढ़ की हड्डी तोड़ दी। महिला को इलाज के लिए ऑर्थोपेडिक सर्जन के पास ले जाना पड़ा। इलाज के बाद महिला ने अपने पति के घर जाने के बजाए अपने मायके जाने की इच्छा जताई।
इधर इस मामले की जानकारी हेल्पलाइन नंबर-181 पर भी दी गई। बता दें कि यह नंबर Abhayam हेल्पलाइन का है। Abhayam की तरफ से आए काउंसल ने पति-पत्नी की काउंसिलिंग की। उन्होंने पीड़ित महिला से कहा कि इस केस में उनके पास दो विकल्प हैं। या तो वो अपने पति के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दें या फिर आपस मेंसमझौता करें।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बाद में महिला के पति अपनी पत्नी से गलती के लिए माफी भी मांगी। महिला ने अपने पति को फिलहाल माफ कर दिया और थाने में केस दर्ज कराने से इनकार कर दिया। काउंसिलिंग के दौरान कपल को साथ रहने के लिए भी राजी किया गया। हालांकि फिलहाल यह महिला अपने माता-पिता के घर चली गई है और उसका कहना है कि कुछ दिनों तक वहां रहने के बाद वो वापस अपने पति के पास आ जाएंगी।
आपको याद दिला दें कि इसी महीने ग्रेटर नोएडा से भी एक खबर आई थी जिसमें लूडो खेलने के दौरान विवाद हुआ था। दरअसल लूडो खेलने के दौरान छींक आने पर एक युवक ने अपने दोस्त को गोली मार दी थी। युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था।

