Coronavirus, Covid-19 India Lockdown: देश में लॉकडाउन के बीच डकैतों ने बड़ी घटना को अंजाम दिया है। डकैतों ने आम आदमी पार्टी (Aam Aadmi Party) के घर पर डकैती की वारदात को अंजाम दिया है। इस दौरान डकैती ने ‘आप’ नेता के माता-पिता को बंधक बना लिया। घटना पंजाब के मानसा जिले के गांव बनावाली का है। जिस घर में डकैती हुई है वो घर ‘AAP’ नेता एडवोकेट गुरप्रीत सिंह बनावाली का है।

घटना के बारे में मिली जानकारी के मुताबिक 28 मार्च की देर रात ‘आप’ नेता गुरप्रीत सिंह बनावाली के घर करीब 7-8 की संख्या में लुटेरे घुसे थे। इन लुटेरों ने गुरप्रीत सिंह के पिता अजीत सिंह और उनकी पत्नी बलवीर कौर को बंधक बना लिया। बदमाशों ने दोनों को रस्सी से बांध दिया। इस दौरान लुटेरे घर से 7 लाख रुपए नगद लेकर फरार हो गए।

डकैतों के जाने के बाद किसी तरह इन दोनों ने खुद को रस्सी से आजाद किया। पीड़ितों के मुताबिक 35 मिनट में इस डकैती को अंजाम दिया गया था। घटना के बारे में गुरप्रीत सिंह ने कहा कि उन्होंने घटना से एक दिन पहले ही अपने पेट्रोल पंप से 7 लाख रुपए लाकर घर में रखे थे।

बहरहाल इस वारदात के बाद पुलिस के भी कान खड़े हो गए हैं। थाना सदर मानसा में इस डकैती को लेकर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। फिलहाल पुलिस सुराग की तलाश में है।


स्थानीय थाने के इंस्पेक्टर बलविंदर सिंह ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि डकैतों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। जल्दी ही सभी आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

आपको बता दें कि इस वक्त कोरोना वायरस की वजह से पूरे देश में लॉकडाउन है। लॉकडाउन के दौरान किसी को भी अपने घऱ से बाहर निकलने की इजाजत नहीं है। पुलिस-प्रशासन पर यह जिम्मेदार दी गई है कि वो लॉकडाउन का सख्ती से पालन कराए।