India Lockdown, Jail Break in Gujrat: देश में जारी लॉकडाउन के बीच गुजरात के दाहोद जिले के जेल से 13 कैदी फरार हो गए। देवगढ़ बरिया इलाके में गुरुवार (30 अप्रैल, 2020) की देर रात हुए जेल ब्रेक कांड के बाद यहां प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। तहसील की जिस सब जेल से यह कैदी फरार हुए हैं उसमें 1 नंबर सेल और 3 नंबर सेल के कैदी शामिल हैं। कैदियों के भाग जाने के बाद दाहोद एसपी ने मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन की है।

बताया जा रहा है कि देवगढ़ बारिया की सब जेल में सुरक्षा की दृष्टि से कड़े इंतजाम पहले से ही किये गये हैं लेकिन एक साथ 13 कैदियों का फरार हो जाने से सुरक्षा को लेकर सावलिया निशान पैदा हुआ है। घटना की सूचना पाते ही उच्च अधिकारियों का काफिला पहुंच गया है।

पुलिस-प्रशासन ने जिले में नाकाबंदी के आदेश दिये है। हालाकि अभी तक कैदियों को पकड़ा नहीं जा सका है। पुलिस का कहना है कि फरार कैदियों को पकड़ने के लिए कोशिशें की जा रही हैं।

देश भर में इस वक्त कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए लॉकडाउन किया गया है। लॉकडाउन के दौरान किसी को भी बेवजह सड़क पर निकलने की इजाजत नहीं है। पुलिस-प्रशासन पर जिम्मेदारी दी गई है वो लोगों से लॉकडाउन का पालन कराए।

गुजरात में कोरोना वायरस ने जमकर कहर बरपाया है। यहां कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 4 हजार से ज्यादा है। 200 से ज्यादा लोगों की यहां मौत हो चुकी है।

आपको बता दें कि अहमदाबाद में भी लॉकडाउन का उल्लघंन करने के आरोप में गिरफ्तार एक आरोपी थाने का लॉकअप तोड़कर फरार हो गया। हालांकि उसे कुछ ही देर बाद पुलिस ने पकड़ लिया था।

उसने पुलिस को बताया कि कोरोना वायरस के डर से वह लॉकअप तोड़कर फरार हुआ था। मामला खाड़िया पुलिस थाने का है।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि साबरमती जेल में 2 कैदी कोरोना पॉजिटिव आए हैं और उसके साथ लॉकअप में अन्य 2 कैदी भी थे। उसने पुलिस को बताया कि वो कोरोना वायरस संक्रमित हो जाने की डर की वजह से जेल से भाग गया था।