India Lockdown: लॉकडाउन के दौरान सरकारी आदेशों के उल्लंघन के कई मामले अब तक सामने आया है। इस बीच अब मंगलुरु से आई एक खबर बेहद ही चौंकाने वाली है। यहां एक नाबालिग लड़का अपने दोस्त को सूटकेस में भरकर अपने घर लाने की कोशिश कर रहा था। लेकिन लड़के की चालबाजी पकड़ी गई। यहां पुलिस ने बताया कि यह लड़का अपनी कक्षा में पढ़ने वाले अपने एक दोस्त को घर पर बुलाना चाहता था। कई बार उसने इसके लिए अपने अपार्टमेंट एसोसिएशन से अपील भी की लेकिन अपार्टमेंट प्रबंधन के सदस्यों ने उसे ऐसा करने से मना कर दिया था।
यह लड़का रविवार (12 अप्रैल, 2020) की रात करीब 2 बजे अपने स्कूटर से घर से निकला था। उसने अपने साथ एक बड़ा सा सूटकेस भी रखा था। घर से निकलने के बाद यह नाबालिग पड़ोस में रहने वाले अपने एक दोस्त के पास चला गया और उसे अपने अपार्टमेंट तक ले आया।
उसने अपना स्कूटर बिल्डिंग के बाहर पार्क कर दिया और अपने दोस्त को उस बड़े से सूटकेस में बैठ जाने के लिए कहा। दोस्त के सूटकेस में बैठने के बाद उसने उसे ठीक से बंद किया और फिर वो उसे खींच कर अपने घर ले जाने लगा।
उस वक्त अपार्टमेंट में तैनात सुरक्षाकर्मियों को लड़के की गतिविधि संदिग्ध लगी। सुबह करीब 8.30 बजे यह नाबालिग लड़का अपने मित्र के साथ अपार्टमेंट में चहलकदमी करता नजर आया।
इसके बाद गार्ड्स ने अपार्टमेंट एसोसिएशन को इस बात की जानकारी दी। एसोसिएशन के लोगों ने इसके बाद लड़के से कड़ाई से पूछताछ शुरू कर दी। लड़के ने बताया कि देर रात 2-3 बजे के बीच सूटकेस में छिप कर वो कर अपने दोस्त को अपार्टमेंट के अंदर ले आया था।
इस मामले में पुलिस को भी अपार्टमेंट के सदस्यों ने सूचित किया। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में जुवेनाइट एक्ट के तहत केस दर्ज किया। बताया जा रहा है कि शनिवार की रात लड़के के परिवार वाले घऱ पर नहीं थे।
इस घटना के बारे में सुनकर वो भी चकित हैं। फिलहाल अब इस मामले में पुलिस जुवेलाइन एक्ट के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

