लॉकडाउन के दौरान बिहार के नवादा में युवती से गैंगरेप का मामला सामने आया है। मंगलवार (28-04-2020) की देर रात तीन लोगों ने युवती के साथ यह गंदा काम किया। इस मामले में पीड़िता की तरफ से थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। थाने में तीन लोगों पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले के आरोपियों की तलाश की जा रही है।
घटना के बारे में विस्तृत जानकारी के मुताबिक मंगलवार को युवती को उसकी दोस्त ने फोन कर उसे अपने घर बुलाया था। सहेली का फोन आने पर रात करीब 12 बजे यह युवती अपने सहेली से मिलने के लिए घर से बाहर निकल गई।
युवती ने पुलिस को बताया कि उसकी सहेली के घर के बाहर खड़े तीन लोगों ने उसे पकड़ लिया और उसे जानवरों के रखे जाने वाले जगह पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद सभी युवक मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने थाने में पुलिस को बताया कि घटना के वक्त तीनों आरोपियों के अलावा 2 अन्य लोग भी वहां मौजूद थे।
इन 2 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि युवती अपने घर पर दादी के साथ रहती थी। दादी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है।
रात के वक्त अपनी सहेली के घर जा रही इस लड़की के साथ दुष्कर्म की हुई वारदात के बाद उसने अगले दिन थाने में केस दर्ज कराया है। आपको बता दें कि लॉकडाउन के दौरान अलग-अलग राज्यों से दुष्कर्म से जुड़ी खबरें सामने आई हैं।
इसी महीने मध्य प्रदेश में एक महिला बैंक अधिकारी के साथ दुष्कर्म किया गया था। इसके बाद राजस्थान में स्कूल में ठहरी एक युवती के साथ भी तीन लोगों ने दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया था।

