India Lockdown, Barber Shot Dead In Bihar: बिहार के बांका जिले में बाल-दाढ़ी बनाने से इनकार करने पर एक नाई की गोली मार कर हत्या कर दी गई। दरअसल यहां प्रशासन ने कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए कई गतिविधियों पर रोक लगा रखा है। इसमें सैलून भी शामिल है। बांका जिले के मेनवा गांव में रहने वाले दिनेश ठाकुर पेशे से नाई थे। कई दिनों से उन्होंने भी अपनी दुकान बंद कर रखी थी। लेकिन गांव के ही कुछ लोग उनसे लगातार बाल-दाढ़ी बनाने के लिए कह रहे थे और वो प्रशासन के निर्देशों का हवाला देकर इससे इनकार करते आ रहे थे। जिससे नाराज कुछ लोगों ने उनकी हत्या कर दी।

मृतक दिनेश ठाकुर की पत्नी मूसो देवी ने इस मामले में केस दर्ज कराया है। थाने में केस दर्ज कराते हुए मूसो देवी ने कहा कि गांव के लोग उनके पति पर लॉकडाउन के दौरान भी बाल-दाढ़ी बनाने के लिए लगातार दबाव बना रहे थे।

बिपिन दास नाम के एक शख्स ने दिनेश ठाकुर को धमकी भी दी थी। रविवार को उनके पति की लाश गांव के ही एक तालाब में मिली। उन्हें 2 गोलियां लगी थी। इस मामले में ‘The Indian Express’ से बातचीत करते हुए अमरपुर थाने के इंचार्ज कुमार सन्नी ने कहा कि ‘मुख्य आरोपी बिपिन दास अभी भी फरार है।

हालांकि अभी तक मामले से जुड़े 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गांव वालों से बातचीत कर घटना के बारे में और भी जानकारियां जुटाई जा रही हैं।’

इधर इस हत्याकांड के बाद यहां खलबली मच गई है। सोमवार को यहां नाई महासभा की बैठक भी बुलाई गई। बैठक के बाद महासभा के सदस्यों ने प्रशासन के सामने मुख्य आरोपी की तुरंत गिरफ्तारी की मांग उठाई। महासभा के जिलाध्यक्ष ने मृतक के आश्रितों को 4 लाख रुपए मुआवजा देने की बात भी कही।

आपको बात दें कि खतरनाक कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए देश में 17 मई तक लॉकडाउन है। इस बीच सरकार की तरफ से कुछ गतिविधियों को चालू किया गया है।

किसी-किसी राज्य में सैलून खोलने की अनुमति दी गई है। हालांकि बिहार में प्रशासन ने पहले ही साफ कर दिया है कि यहां लॉकडाउन पूरी तरह से पहले की तरह ही लागू है। बिहार में कोरोना संक्रमितों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर राज्य सरकार ने यह फैसला लिया है।