उत्तर प्रदेश के गोंडा में मंगलवार (28 अप्रैल, 2020) की सुबह 9 साल के एक बच्चे की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। बच्चे की लाश क्षत-विक्षत हालत में एक खेल से मिली है। बच्चे का हाथ गायब है। मृतक बच्चे के घरवालों ने इस मामले में हत्या की आशंका जताई है।

जानकारी के मुताबिक यहां के एक गांव का रहने वाला यह मासूम बच्चा रविवार की दोपहर से लापता था। रविवार को काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्चा नहीं मिला तब उसके परिजनों ने सोमवार को थाने में जाकर उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

अगले ही दिन बच्चे का शव एक खेत में बुरी हालत में मिलने पर कोहराम मच गया। शव मिलने की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सबसे पहले शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मौका-ए-वारदात पर गहन जांच-पड़ताल भी की है।

इधर बच्चे के परिजनों ने आशंका जताते हुए कहा है कि उनके बच्चे की हत्या की गई है। हालांकि पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद कहा है कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि जानवरों ने बच्चे पर हमला किया था। हालांकि पुलिस अभी बच्चे की मौत को लेकर आगे की पड़ताल कर रही है।

आपको याद दिला दें कि हाल ही में उत्तर प्रदेश के एटा में एक घर से 5 लोगों की लाश मिलने पर सनसनी मच गई थी। घर के लोगों के काफी देर तक बाहर नहीं आने पर गांव वालों ने पुलिस को किसी अनहोनी की आशंका से ग्रसित होकर सूचित किया था।

सूचना मिलने के बाद श्रृंगार नगर स्थित पुलिस एक घर के पास पहुंची थी। पुलिस दरवाजा तोड़ कर इस घर में दाखिल हुई थी। घऱ में 5 लोगों की लाश देखकर उस वक्त पुलिस भी दंग रह गई थी। मरने वालों में 2 छोटे बच्चे भी थे।

घर में खून के छींटे मिले थे और संदिग्ध दवाइयां भी मिली थीं। हालांकि यह आत्महत्या थी या हत्या? अभी पुलिस इस मामले की भी तफ्तीश कर रही है।