हैदराबाद में विकाराबाद जिले की एक झील से रविवार को एक 19 साल की महिला का सड़ता हुआ शव मिला था। कहा जा रहा था कि उसकी दोनों आंखों को पेचकस से फोड़ गया था और ब्लेड से उसके गले को काट दिया गया था। अब इस मामले में पुलिस ने नया खुलासा किया है।
हमारे सहयोगी इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित खबर के अनुसार, मृतका का नाम सिरिशा है। वह कंडलापुर की एक नर्सिंग छात्रा थी। शनिवार की रात परिवार के सदस्यों के साथ उसकी बहस हुई थी जिसके बाद वह बाद घर से चली गई थी। रविवार दोपहर को उसका शव बरामद हुआ था। उसके शरीर पर कई चोट के निशान हैं।
असल में छात्रा का शव हैदराबाद से लगभग 100 किमी दूर विकाराबाद जिले की एक झील मिला था। आशंका जताई जा रही थी कि उसकी हत्या हुई है। यह भी माना जा रहा था हो सकता है कि उसके साथ कुछ गलत हुआ है। हालांकि अब इस मामले में पुलिस का कहना है कि महिला ने शायद सुसाइड किया है।
शुरुआत में यह दावा किया जा रहा था कि उसकी हत्या कर शव को परिगी गांव के बाहरी इलाके में झील में फेंक दिया गया था। यह भी सवाल उठाया गया था कि क्या उसका यौन उत्पीड़न भी किया गया था?
इंडियन एक्सप्रेस से हुई बातचीत में सब-इंस्पेक्टर विट्टल रेड्डी ने बताया कि छात्रा के हाथ-पैर में चोट के कई निशान हैं। अभी तक मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शरीर पर हल्की चोटों के साथ नाक और होठों के नीचे आधा इंच का गहरा घाव है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने तक हम किसी यौन उत्पीड़न की पुष्टि या खंडन नहीं कर सकते। फोरेंसिक विश्लेषण के लिए नमूने भेजे गए हैं। पुलिस ने कहा कि वे उसके पिता, भाई और बहनोई से पूछताछ कर रहे हैं।
घरवालों ने बहुत मारा-पीटा था
पुलिस के अनुसार, जीजा और पिता द्वारा पीटे जाने के बाद छात्रा घर से चली गई थी। वह रात भर घर से बाहर ही थी। वह पिछले दो महीनों से कॉलेज नहीं जा रही थी क्योंकि उसकी मां को दिल का दौरा पड़ा था और हैदराबाद के एक प्राइवेट अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। शनिवार की रात उसके जीजा ने उसका मोबाइल फोन को जब्त कर लिया। जीजा को शक था कि वह किसी के साथ रिलेशनशिप में है। पीड़िता के घर के लोगों ने उसे मारा-पीटा था।
सर्किल इंस्पेक्टर वेंकट रमैया के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है और मृतका के पिता और जीजा के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराएं लगाई जाएंगी। प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह हत्या का मामला नहीं है। चोटें उसके पिता और बहन के पति अनिल के मारपीट के कारण लगी हैं। लड़की खुद झील पर गई और हमारे पास चश्मदीद गवाह हैं जिन्होंने उसे रात में अकेले वहां जाते देखा। फिलहाल हम सभी एंगल से मामले की जांच कर रहे हैं।