यूपी के सिकंदरपुर में एक मुस्लिम महिला ने शौहर पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और फोन पर तीन तलाक देने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि विदेश से लौटे शौहर ने उसे फोन पर तीन तलाक दे दिया। शिकायत के बाद पुलिस ने पीड़ित महिला के पति और उसके ससुराल के लोगों के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
पुलिस के अनुसार शबनम खातून सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के नरहनी गांव की रहने वाली हैं। शबनम की शिकाय के बाद उभांव थाना क्षेत्र के शाहपुर अंफगा गांव के रहने वाले उसके पति गौसुल आजम, ससुर इकबाल शाह , सास हजारा खातून, देवर और ननदों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
दो साल पहले हुआ था निकाह
मामले में थाना प्रभारी दिनेश पाठक ने शुक्रवार को बताया कि शबनम खातून ने अपनी शिकायत में कहा कि उसका निकाह गौसुल आजम से दो साल पहले दो नवंबर 2021 को मुस्लिम रीति रिवाज के अनुसार हुआ था। शादी के बाद से गौसुल आजम उस पर कुवैत जाने के लिए डेढ़ लाख रुपये के लिए दबाव बनाने लगा। शबनम खातून के अनुसार, उसके माता-पिता आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वे दहेज की डिमांड पूरी नहीं कर सके।
ससुराल के लोगों पर मारपीट का आरोप
इसके बाद उसके प्रति ससुराल के लोगों का नजरिया बदल गया। वे उसे परेशान करने लगे। शबनम की शिकायत के अनुसार ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की। तंग आकर वह अपने मायके चली गई। इसके बाद उसका पति कुवैत चला गया। शिकायत के अनुसार, जब शबनम का पति विदेश से लौटा तो ससुराल के लोग फिर से दहेज के लिए दबाव बनाने लगे। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसके पति ने उसे फोन पर ही तीन तलाक दे दिया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।