मध्य प्रदेश के नीमच से एक हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि पत्नी कुएं के अंदर रस्सी पकड़कर लटकी हुई है। कुएं में पानी भरा है। पत्नी कुएं से बाहर निकालने के लिए पति से गुहार लगा रही है मगर वह उसकी मदद नहीं कर रहा है बल्कि किनारे पर खड़े होकर वीडियो बना रहा है। पत्नी को तड़पता देख जैसे उसे मजा आ रहा हो। पत्नी अपनी जान बचाने के लिए चिल्लाती रही, मिन्नतें मांगती रही मगर पति का दिल नहीं पसीजा। घटना जावद थाना क्षेत्र के किरखेड़ा की है।

इतना ही नहीं पति ने यह वीडियो पीड़िता के परिजन को भेज दिया। बाद में परिवार के लोगों ने जब देखा तो मामले में हस्तक्षेप किया और महिला को कुएं से बाहर निकाला। पति के अत्याचार का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो को देखकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। लोगों का कहना है कि आरोपी के कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए।

रिपोर्ट के अनुसार, दहेज के लोभी पति ने पत्नी को कुंए में धक्का दे दिया फिर उसमें रस्सी डाल दी। पत्नी जितना तड़प रही थी उसे मजा आ रहा था। वह अपनी जिंदगी की भीख मांग रही थी और पति वीडियो बना रहा था।

शादी के बाद से ही पत्नी को परेशान करने लगा पति

दरअसल, आरोपी राकेश कीर की शादी लगभग तीन साल पहले राजस्थान के प्रतापगढ़ की रहने वाली उषा के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही राकेश पत्नी को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगा। वह बात-बात पर पत्नी को परेशान करने लगा। इसी बीच उसने पत्नी को कुएं में धक्का देकर एक रस्सी डाल दी ताकि वह उसके सहारे लटकी रही।

पत्नी कुएं में काफी देर तक लटकी रही। बाद में परिवार के सदस्यों ने उसे बाहर निकाला। इसके बाद वह मायके गई और पिता को सारी कहानी सुनाई। पिता ने पुलिस को वीडियो दिखाई जिसके बाद आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी पति पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और जान से मारने के मामले दर्ज किए हैं। आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।