दिल्ली के साउथ रोहिणी से एक एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां मंगोलपुर कलां इलाके में एक पति पर आरोप है कि उसने पत्नी और पड़ोसी की हत्या कर दी। आरोप है कि पति को कहीं से पचा चल गया कि पत्नी का उसके पड़ोसी से अफेयर चल रहा है। इसके बाद वह आगबबूला हो गया और दोनों को जान से मार डाला। हत्या करने से पहले उसने योजना बनाई और फिर उसी के हिसाब से घटना को अंजाम दिया। वह पहले कैंची लेकर पड़ोसी के घर गया और ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वह अपने घर गया और चुन्नी से गला घोंटकर पत्नी की हत्या कर दी। रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों को जान से मारने के बाद उसने खुद की पुलिस को इस घटना की जानकारी दी।

घटना को अंजाम देने के बाद वह कहीं भागा नहीं बल्कि शव के पास ही बैठा रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान इमरान के रूप में हुई है। उसे पत्नी खुशबू और उसके कथित प्रेमी रंजीत की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। फिलहाल घटना की जांच चल रही है।

इस मामले में पुलिस ने कहा कि दिल्ली के रोहिणी इलाके में एक शख्स ने पत्नी और उसके प्रेमी की हत्या कर दी। उसे पता चल गया था कि पत्नी का उसके पड़ोसी के साथ एक्सट्रा मैरिटल अफेयर चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, इमरान की शादी खुशबू से 12 साल पहले हुई थी और दंपति के तीन बच्चे हैं। वह ई-रिक्शा चलाने का काम करता था। पड़ोसी रंजीत एक फैक्ट्री में काम करता था। दोनों पड़ोसी थे। घटना के मामले में सुबह करीब 8 बजे कॉल मिली थी। जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची थी। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हत्या के पहले बच्चों को भेजा ताऊ के घर

आरोपी पति ने खुद ही पुलिस को बता दिया कि हत्या उसने की है। घटनास्थल से पुलिस ने खून से सनी कैंची बरामद की है। आरोपी ने बताया कि उसकी पत्नी अक्सर पड़ोसी से फोन पर बात किया करती थी। उसने कई बार समझाया मगर वह नहीं मानी। रंजीत की शादी नहीं हुई थी। वह उसके पड़ोस में रहता था। वह फैक्ट्री में काम करता था। इसके बाद आरोपी पति ने दोनों को जान से मारने की योजना बनाई। इसके लिए उसने पहले अपने बच्चों को नांगलोई में रहने वाले ताऊ के घर भेज दिया। इसके बाद उसने घटना को अंजाम दिया।