कर्नाटक से सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां कन्नड़ जिले के बेल्तांगढी में शराब के नशे में पति ने पत्नी की आंखें निकाल लीं और उसके गाल काट दिए। हमले में घायल पत्नी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, पति शराब पीने का आदि है। सोमवार को वह शराब पीकर घर आया और पत्नी से बहस करने लगा। पत्नी ने जब विरोध किया तो गुस्से में आकर उसने उस पर हमला कर दिया। उसने पत्नी की आंखें निकाल लीं और गाल काट दिए।

पति ने पत्नी पर हेलमेट से किया हमला

कन्नड़ के पुलिस अधीक्षक रश्यांत ने मीडिया को बताया कि 55 साल के सुरेश ने अपनी पत्नी पर हेलमेट से हमला किया। उसने पत्नी का गाल काट और आंखें निकाल दीं। जिससे खून बहने लगा। मां को बचाने के लिए जब आरोपी की बेटी आई तो उसने उसे भी नहीं छोड़ा और मारपीट की। डर के मारे बेटी वहां से भाग गई।

मंगलवार सुबह पीड़िता बेहोशी की हालत में मिली। फिलहाल मां और बेटी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल आरोपी शख्स के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

आगरा में विवाहित ने लगाई फांसी

आगरा के फतेहाबाद से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां हनुमान नगर मोहल्ले में संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला अपने कमरे में फंदे से लटकी पाई गई। पुलिस ने बताया कि देवेंद्र राठौर की पत्नी रेखा (28) फांसी के फंदे पर लटकी मिली। मृतका के जेठ वीर बहादुर सिंह ने फतेहाबाद पुलिस को इस घटना के बारे में जानकारी दी। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं रेखा के मायके वालों ने उसके ससुरावालों पर हत्या का आरोप लगाया है।

रेखा के भाई हरिओम ने बताया कि रेखा की शादी 16 अप्रैल 2016 में हुई थी। पति-पत्नी में पिछले कई सालों से विवाद चल रहा था। उसने रेखा के ससुराल वालों पर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। फतेहाबाद के थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।