Kerala Human Sacrifice Case: केरल के पथनमथिट्टा जिले के एलंथूर गांव से सामने आए ‘मानव बलि’ के मामले में नई-नई जानकारियां सामने आई हैं। इसी कड़ी में एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें एक पीड़िता पद्मा की आखिरी तस्वीरें कैद हुई हैं। फुटेज में पद्मा सफेद स्कॉर्पियो में चढ़ते हुए और बाद में एक सड़क पार करते हुए दिखी। फिलहाल, जांच जारी है और इस मामले में आरोपियों को दो सप्ताह की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

शफी ही महिलाओं को लेकर पहुंचा था पथनमथिट्टा

केरल से सामने आए इस वीभत्स मामले में पुलिस ने कहा है कि मुख्य आरोपी शफी ही है। जांच में पुलिस को पद्मा के सेलफोन की लोकेशन ही शफी तक ले गई थी। शफी ही वो शख्स था, जिसने दोनों महिलाओं को पैसे का लालच दिया था और उन्हें लेकर मसाज थेरेपिस्ट भगवल सिंह और उसकी पत्नी लैला के पास पहुंचा था। शफी ने ही इस दंपति से कहा था कि वह यदि मानव बलि देंगे तो उनका वित्तीय संकट खत्म हो जाएगा।

शफी ने दंपति को दिलाया भरोसा- पहली बलि से नहीं हुआ फायदा

पुलिस ने बताया कि केरल ‘मानव बलि’ मामले के मुख्य आरोपी शफी ने दंपति को भरोसा दिलाया था कि पहली बलि का कोई फायदा नहीं हुआ है, ऐसे में अब दूसरी बलि देनी पड़ेगी। पुलिस ने कहा कि यह सीसीटीवी फुटेज 26 सितंबर का है, जिस दिन पद्मा लापता हुई थी। पुलिस सड़क किनारे लगे कैमरों से पथनमथिट्टा में भगवल सिंह के घर तक पहुंचे थी।

आरोपियों के पड़ोसी के घर से मिले फुटेज ने की पुष्टि

इसके बाद 9 अक्टूबर को, पुलिस को आरोपी दंपति के पड़ोसी जोस थॉमस के घर से सीसीटीवी फुटेज मिले। इसमें घर के बाहर खड़ी एक स्कॉर्पियो और घर के अंदर जाते हुए पद्मा दिखी थी। पुलिस ने कहा कि पूछताछ के दौरान भगवल सिंह ने पद्मा और रोजलिन की हत्या की बात कबूल कर ली है। इन दोनों महिलाओं के शव के कटे हुए अवशेष घर के आसपास गड्ढों में मिले हैं।

पीड़ितों को दी गई अमानवीय यातनाएं

पुलिस ने कहा कि केरल में दोनों हत्याओं से पहले शफी ने दोनों महिलाओं के प्राइवेट पार्ट्स को काट दिया और फिर उनका गला रेता। इसके बाद एक लाश के 56 टुकड़े किए गए और दफन कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, एक पीड़िता के स्तन भी काटे गए थे। हालांकि, पुलिस अभी भी शवों के मांस को खाने की बात की पुष्टि के लिए जांच कर रही है।

मनोरोगी और विकृत मानसिकता वाला शख्स है शफी

इस मामले में पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या शफी सीरियल किलर है और उसने और लोगों को भी शिकार बनाया है? जबकि पुलिस पहले भी बता चुकी है कि शफी एक मनोरोगी और एक विकृत मानसिकता वाला शख्स है। शफी पर साल 2020 में भी एक 75 वर्षीय महिला के साथ बलात्कार करने का आरोप लगा था। शफी ने उसे भी पद्मा और रोजलिन जैसे प्रताड़ित किया था, हालांकि उसकी जान बच गई थी।