यूपी के बरेली से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक होटल में हिंदू लड़के के साथ कुछ मुस्लिम लोगों ने मारपीट की है। लड़का भारतीय रेलवे कर्मचारी है। फिलहाल पुलिस ने मारपीट और दुर्व्यवहार करने का मामला दर्ज कर लिया है।
असल में बुधवार को एक हिंदू लड़का और लड़की बरेली के एक होटल पहुंचे। उन्होंने वहां पर एक कमरा लिया। इसके लिए उन दोनों ने अपनी आईडी रिसेप्शन पर जमा की। वे कमरे में गए इसके एक घंटे बाद मुस्लिम समुदाय के कुछ लोग होटल में आए। वे उनके कमरे में घुस गए औऱ मारपीट करने लगे। उन्होंने पूरा घटना का वीडयो बनाया औऱ फिर वायरल कर दिया। आरोपी जमात रजा-ए-मुस्तफा और ऑल इंडिया रजा एक्शन कमेटी के सदस्य हैं।
पुलिस का कहना है कि होटल के कर्मचारी को लड़का-लड़की की आईडी से पता चल गया कि वे अलग-अलग समुदाय के हैं। इसके बाद उसने इसकी जानकारी संगठन के लोगों को दे दी। जिसके बाद वे होटल पर पहुंच गए और हंगामा करने लगे। इसके बाद उन्होंने लड़का-लड़की को कमरे का दरवाजा खोलने पर मजबूर किया। इतना ही नहीं तीन-चार लोग मिलकर लड़के को पीटने लगे। उन्होंने लड़की का नाम पूछा औऱ उसके घऱवालों को होटल बुला लिया। इस दौरान लड़का औऱ लड़की वीडियो ना बनाने की गुहार करते रहे मगर आरोपी नहीं माने। लड़की के परिजन होटल पर पहुंचे और उसे अपने साथ घर ले गए।
पुलिस ने आगे कहा कि हम दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। हमने एफआईआर में दो संगठनों का नाम लिया है क्योंकि हम घटना में शामिल लोगों का नाम नहीं जानते हैं। आरोपियों की पहचान हो जाने के बाद हम उन्हें गिरफ्तार कर लेंगे। वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभाकर चौधरी का कहना है कि हम अपने सूत्रों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।
संगठन ने कहा हमने कुछ गलत नहीं किया
इस घटना पर जमात रजा-ए-मुस्तफा के उपाध्यक्ष सलमान हसन खान ने हमारे सहयोगी द इंडियन एक्सप्रेस से कहा, “मुझे नहीं लगता कि हमारे सदस्यों ने कुछ गलत किया है। उन्हें रेलवे कर्मचारी के मोबाइल फोन में महिला की कई आपत्तिजनक तस्वीरें मिलीं है। क्या गेस्ट हाउस में उसके साथ रेप हुआ था? इसके अलावा पुलिस ने इस मामले में खुद की शिकायत दर्ज की है क्योंकि उस लड़के और लड़की ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। उस लड़के ने लड़की को बहला-फुसलाकर अपने पास रखा था…”