हरियाणा के भिवानी में एक नाबालिग लड़की को रेप के बाद जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि लड़की ने आरोपियों के खिलाफ थाने में जाकर शिकायत कर दी थी इसी वजह से आरोपी ने उसे जिंदा जला दिया। शुक्रवार (17-07-2020) की अहले सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में झुलसी नाबालिग को उसके परिजनों ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। यहां से लड़की को दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया गया जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने इस मामले में 2 युवकों पर लड़की को जिंदा जलाने का आरोप लगाया है।
विस्तृत जानकारी के मुताबिक लड़की ने कुछ ही दिनों पहले यहां थाने में जाकर एक युवक पर आरोप लगाया था कि उसने उसका अश्लील वीडियो बनाया था और फिर उसे ब्लैकमेल कर 1 साल तक उसका यौन शोषण किया। लड़की से यौन शोषण के आरोपी युवक का नाम विक्की बताया जा रहा है।
विक्की की प्रताड़ना से तंग आकर 13 जुलाई को लड़की ने थाने में जाकर विक्की के खिलाफ दुष्कर्म करने का केस दर्ज कराया था। इस मामले में पुलिस ने लड़की और उसके परिजनों की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया था।
परिजनों का कहना है कि लड़की द्वारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराए जाने के बाद से विक्की नाराज था। शुक्रवार की सुबह उसने मौका पाकर घर की आंगन में सो रही उनकी बच्ची पर तेल छिड़क कर उसे जिंदा आग के हवाले कर दिया। बुरी तरह झुलसी लड़की ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि हत्या में विक्की के एक और साथी ने उसकी मदद की थी।
इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने फिलहाल विक्की को गिरफ्तार कर लिया है और उसके एक अन्य साथी की तलाश की जा रही है। वहीं इस घटना के बाद यहां कई सामाजिक और महिला संगठनों में गुस्सा व्याप्त है। इन संगठनों ने आरोपियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। यहां पुलिस का कहना है कि आरोपी विक्की को गिरफ्तार करने के बाद उसके एक अन्य साथी की तलाश की जा रही है।

