हरियाणा के पंचकुला स्थित एक अस्पताल में नाबालिग बच्ची ने मरे हुए बच्चे को जन्म दिया है। नाबालिग लड़की की मां का आऱोप है कि उसके पिता ने अपनी बेटी के साथ कई बार रेप किया जिसकी वजह से वो गर्भवती हो गई। लड़की के गर्भवती होने के बाद ही इस पूरे मामले का खुलासा हो सका है। बच्ची की मां ने इस मामले में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए कहा है कि उनकी बेटी ने हाल ही में उनसे पेट दर्द की शिकायत की थी। इस शिकायत के बाद बच्ची को गुरुवार (14 मई, 2020) को अस्पताल में लाया गया था। जहां बच्ची ने मृत बच्चे को जन्म दिया। बताया जा रहा है कि लड़की की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और पिता इस बात का फायदा उठाता था।
इस मामले में पुलिस ने आज (15 मई, 2020) की सुबह ही एफआईआऱ दर्ज की है। पुलिस ने मीडिया से बातचीत करते हुए जानकारी दी है कि लड़की के साथ पिछले एक साल से दुष्कर्म किया जा रहा था। उसका पिता उसके साथ मारपीट भी करता था। मारपीट की वजह से ही बच्ची दहशत में आकर खामोश रहती थी और उसने इसकी शिकायत अब तक घरवालों से नहीं की थी।
पुलिस ने जानकारी दी है कि नाबालिग ने मृत बच्चे को जन्म दिया है। हालांकि लड़की अभी पूरी तरह स्वस्थ है। पुलिस ने बताया कि एफआईआऱ दर्ज होने के बाद से ही लड़की का पिता फरार है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
आपको बता दें कि अभी हाल ही में मध्य प्रदेश से भी एक ऐसी ही चौंकाने वाली घटना सामने आई थी। यहां 18 साल की एक लड़की ने अपने पिता पर उसके साथ 2 बार दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। लड़की ने यह भी आरोप लगाया था कि पिता के इस घिनौने काम में मां ने भी मदद की थी। इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लड़की के आरोपी माता-पिता को गिरफ्तार भी कर लिया था।
हालांकि लड़की के पिता ने गिरफ्तारी के बाद कहा था कि उनकी बेटी के संबंध एक स्थानीय युवक से थे और जब उन्होंने इसका विरोध किया तो उनकी बेटी ने उनपर ये आरोप लगा दिये। बहरहाल इस मामले में अभी पुलिसिया तफ्तीश जारी है।

