हरियाणा के फरीदाबाद में गुरुवार की सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विकास चौधरी को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने एक के बाद एक 12 गोलियां चलाईं थी। घायल हालत में विकास को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। यह वारदात सेक्टर-9 स्थित पीएचसी जिम के बाहर की बताई जा रही हैं, जहां वह प्रतिदिन जिम आते थे। इस वारदात के बाद हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर ने प्रदेश की बीजेपी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि यहां जंगल राज है।
National Hindi News, 27 June 2019 LIVE Updates: देश-दुनिया की हर खबर पढ़ने के लिए यहां करें क्लिक
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक गुरुवार की सुबह हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता विकास चौधरी फरीदाबाद के एक जिम में एक्सरसाइज करने आने आए थे। इस दौरान जब वह अपनी गाड़ी से उतर रहे थे तभी अज्ञात बदमाशोें ने उनपर गोली बरसा दी। बताया जा रहा है बदमाशों ने करीब 10 राउंड फायरिंग की जिससे विकास बुरी तरह घायल हो गए। इसके बाद उन्हें तुरंत सेक्टर-9 के कुछ दुकानदार सर्वोदय अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मौके पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल से 12 गोलियों के खोखे मिले हैं।
इस घटना के बाद कांग्रेस ने बीजेपी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा कि पार्टी के नेता विकास चौधरी की फरीदाबाद में गोली मारकर हत्या कर दी गई। यहां ‘जंगल राज’ है, कानून का कोई डर नहीं है। उन्होंने कहा कि कल भी इसी तरह की घटना हुई थी, जहां छेड़छाड़ का विरोध करने वाली महिला को चाकू मार दिया गया था। इन सबकी जांच होनी चाहिए। गौरतलब है कि विकास चौधरी कुछ साल पहले ही इनेलो छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे और उन्हें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर का करीबी बताया जाता था। माना जा रहा था कि इस बार विकास, फरीदाबाद सीट से विधानसभा का भी चुनाव लड़ सकते थे।