गुजरात के अहमदाबाद से एक महिला दारोगा को घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि यह महिला दारोगा रेप चार्ज से बचाने के लिए रिश्वत लेते पकड़ी गई हैं। महिला दारोगा का नाम स्वेता जडेजा बताया जा रहा है। स्वेता जडेजा अहमदाबाद-वेस्ट के महिला थाने की इंचार्ज बताई जा रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक स्वेता जडेजा ने इस काम के लिए 35 लाख रुपए घूस मांगे थे।

दरअसल महिला दारोगा साल 2019 में दर्ज कराए गए एक दुष्कर्म के मामले की तफ्तीश कर रही थीं। इस दौरान उन्होंने इस मामले के केनाल सिंह के भाई से रेप के चार्ज हटाने के लिए पैसे मांगे। बताया जा रहा है कि महिला दारोगा ने कहा था कि अगर केनाल सिंह उन्हें रिश्वत की रकम देते हैं तो वो उन्हें Prevention of Anti-Social Activities Act (PASA) Act के तहत कार्रवाई होने से बचा लेंगे।

इस मामले में महिला दारोगा के खिलाफ सिटी क्राइम ब्रांच ने एफआईआऱ दर्ज कराया है। जिसमें कहा गया है कि जडेजा ने बिचौलिये के जरिए 20 लाख रुपए लिए थे औऱ उन्होंने इस काम के लिए बाकी बचे 15 लाख रुपए की डिमांड की थी। फरवरी के महीने में महिला दारोगा को 20 लाख रुपए दिए गए थे। इसके बाद से दारोगा केनाल सिंह के भाई पर बाकी की रकम देने का दबाव बना रही थीं।

महिला दारोगा को शुक्रवार को गिरफ्तार किया गया है और उनपर भ्रष्टाचार का केस दर्ज किया गया है। शनिवार को उन्हें सेशन कोर्ट में पेश किया गया है जहां पुलिस ने 7 दिनों की रिमांड मांगी थी। हालांकि अदालत ने पुलिस को 3 दिनों की रिमांड सौंपी है।

आपको बता दें कि केनाल सिंह अमहदाबाद में एक कंपनी का मैनेजिंग डायरेक्टर है औऱ उसपर दुष्कर्म के 2 अलग-अलग केस दर्ज हैं। इनमें से एक केस की जांच महिला दारोगा स्वेता जडेजा कर रही थीं।

बहरहाल अब पुलिस स्वेता जडेजा द्वारा घूस के तौर पर लिए गए 20 लाख रुपए की बरामदगी की कोशिश कर रही है। पूरे मामले की तफ्तीश जारी है।