यूपी के बाराबंकी जिले से एक हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां हजाराबाग मोहारीपुरवा मोहल्ले में 65 साल की बुजुर्ग महिला अपने 17 साल के नाती के शव के साथ नौ दिन तक अकेले रहीं। महिला का नाम मिथिलेश कुमारी उर्फ रानी है। पिछले कुछ दिनों से उनके घर से काफी बदबू आ रही थी। पहले लोगों को लगा कि नाली की बदबू है। बाद में उन्हें समझ में आया कि यह बदबू एक घर से आ रही थी। उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस जब घटना स्थल पर पहुंची तो देखा कि दरवाजे के पास एक लाश पड़ी थी। उसी के बगल में एक बिस्तर लगा था। लाश सड़ चुकी थी। किसी को पता नहीं था कि मौत कैसे हुई? पुलिस ने महिला से लड़के के मौत के बारे में पूछा तो वे कुछ ठीक से बता नहीं पाईं।
इसके बाद मोहल्ले वालों की मदद से पुलिस ने महिला की बड़ी बेटी से संपर्क किया। उनकी शादी लखीमपुर खीरी में हुई है। उन्होंने मिथिलेश कुमारी और 17 साल के नाती के बारे में जानकारी दी। मृतक नाबालिग का नाम प्रियांशु है। उसकी मौत कैसे हुई इस बारे में किसी को कुछ समझ नहीं आया। हालांकि डॉक्टरों ने बताया कि मौक करीब 9-10 दिन पहले हुई है।
पड़ोसियों का कहना है कि बुजुर्ग महिला अपने नाती के साथ साये की तरह रहती थीं। उनके घर में कोई जाता नहीं था। फिलहाल पुलिस गुत्थी को सुलझाने की कोशिश कर रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, बुजुर्ग महिला के परिवार की सिर्फ बड़ी बेटी जिंदा है बाकी घऱ के सारे लोगों की मौत हो चुकी है। महिला की दो शादी हुई थी। पहले पति से महिला के दो लड़के और दो लड़कियां हुईं। पति की मौत हुई। बाद में एक बेटी और दामाद की भी मर गए। बेटी दामाद की मौत के बाद उनका बेटा नानी के साथ आकर रहने लगा था।
दोनों पतियों की हो गई मौत
अमर उजाल में प्रकाशित खबर के अनुसार, महिला के दो बेटे दीपू और अरुण रहस्यमयी तरीके से घर से घायब हो गए। उनकी पत्नियों ने कई सालों तक उनके लौटने का इंतजार किया मगर वे नहीं आए। इसके बाद वे अपने-अपने मायके चली गईं। तीन संतानों और दामाद की मौत के बाद बुजुर्ग महिला बदहवास रहने लगीं। रानी की पहली शादी महेंद्र मोहन अग्निहोत्री से हुई थी। उनसे ही रानी के चार बच्चे हुए थे। पहले पति की मौत के बाद रानी ने दूसरी शादी संत नारायण वर्मा से की थी। दूसरी शादी से रानी को कोई संतान नहीं हुई। दूसरे पति के मरने के बाद मिलने वाली पेंशन से रानी का खर्चा चलता था।
परिवार के इतने सदस्यों को खोने के बाद रानी एकदम अकेली हो गई थीं। वह हर पल अपने नाती के साथ साये की तरह रहती थीं। वे उसे खोने से इतना डरती थीं कि उसका स्कूल जाना भी छुड़ा दिया था। पुलिस ने जब रानी को बताया कि उकना नाती मर चुका है तो उन्हें यकीन नहीं हुआ। वे कह रही थीं कि वह लौट आएगा। पुलिस के बुजुर्ग महिला रानी के हाव-भाव ठीक नहीं लग रहे हैं लेकिन वह अपना घर छोड़कर कहीं और जाने को तैयार नहीं है। वे घर में अकेली हैं। इस मामले में इंस्पेक्टर संजय मौर्य ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।