राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद में बेहद ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां अपनी मां को सिर पर भारी वस्तु से मारकर उसका कत्ल करने के बाद युवती अपनी टीचर के साथ पति बन कर रह रही थी। दरअसल, गाजियाबाद में एक लड़की का उसकी टीचर के साथ समलैंगिक संबंध था। उसकी मां इस बात का विरोध करती थी। 9 मार्च को लड़की की टीचर उससे मिलने उसके घर आई थी, लड़की की मां को यह बात पसंद नहीं आई और उसने अपनी बेटी और टीचर, दोनों को ही बुरा भला कहना शुरू कर दिया। मां के इस बर्ताव से लड़की को इतना गुस्सा आया कि उसने मां के सिर पर भारी सी कोई वस्तु से हमला कर दिया। बेटी के हमले से मां गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत ही अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन 11 मार्च को उसकी मौत हो गई। लड़की के पिता ने ही अपनी बेटी और उसकी टीचर के खिलाफ गाजियाबाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस पिछले 20 दिनों से लड़की और टीचर को खोज रही थी, लेकिन दोनों फरार हो गए थे। लड़की की मां की मौत के बाद टीचर उसे लुधियाना लेकर आ गई थी। यहां उसने लड़की का रूप बदलकर उसे लड़का बना दिया था। लड़की का भेष इतने शातिराना अंदाज में बदला गया था, कि कोई भी उसे देखकर यह नहीं कह सकता था कि यह कोई लड़की है। वह पूरी तरह से एक लड़के की तरह दिख रही थी। दोनों लुधियाना में पति-पत्नी बनकर रह रहे थे। दोनों साथ में गुरुद्वारे में खाने भी जाया करते थे।
करीब बीस दिन बाद जब दोनों के पैसे खत्म हो गए तब वे और पैसे लेने के लिए गाजियाबाद आए। यहां पुलिस को किसी खबरी ने इस बात की जानकारी दी। दोनों पैसे लेकर वापस लुधियाना जा ही रहे थे कि कविनगर पुलिस ने दोनों को मंगलवार (3 अप्रैल) को गिरफ्तार कर लिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक लड़की और टीचर के बीच पिछले दो सालों से संबंध थे। लड़की की मां ने कई बार इसका विरोध किया था। एक बार पहले भी लड़की टीचर के साथ भाग गई थी, लेकिन उस वक्त पुलिस ने उसे खोज निकाला था और परिवार के हवाले कर दिया था।

