राजस्थान के कोटा से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां 13 साल की नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में पिता सहित दो लोगों पर मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। पीड़िता ने बारां पुलिस को बताया कि उसका 68 साल का पिता करीब डेढ़ सालों से उसका यौन शोषण कर रहा है। उसने पिता पर यह भी आरोप लगाया कि उसने किसी से कुछ कहने पर जान से मारने की धमकी दी थी। इतना ही नहीं पिता के चुंगल से छुड़ाने आए दो अन्य लोगों ने भी उसका दुष्कर्म किया। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
दरअसल, कोटा में 26 जून को एक शख्स ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 13 साल की बेटी 22 जून से घर से लापता है। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने 30 जून को पीड़िता को खोजकर उसे बचा लिया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस को जो कुछ बताया उस पर विश्वास करना मुश्किल है।
पीड़िता ने पिता पर यौन शोषण करने का आरोप लगाया। उसने यह भी कहा कि पिता ने किसी से कुछ कहने के लिए मना किया था। पीड़िता ने कहा कि इस बीच उसकी मुलाकात एक शख्स से हुई। उसने पीड़िता से कहा कि वह उसकी मदद करेगा मगर वह धोखेबाज निकला। वह उसे 22 जून को अपने साथ ले गया और एक दोस्त के साथ मिलकर उसका बार-बार दुष्कर्म किया। इस तरह पीड़िता एक दलदल से निकलकर दूसरे दलदल में फंस गई।
पीड़िता की मां की 5 साल पहले हो गई थी मौत
इस मामले में पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया। पीड़िता के अनुसार, उसकी मां की लगभग पांच साल पहले मौत हो गई थी और वह तब से अपने पिता के साथ रह रही थी। इसके बाद वह 29 साल के एक व्यक्ति के संपर्क में आई। जिसने पीड़िता से वादा किया कि वह उसे उसके पिता से बचा लेगा। पीड़िता को लगा कि अब सब कुछ ठीक हो जाएगा मगर फिर उसके साथ वह हुआ जिसकी उसने कल्पना भी नहीं की। पिता से बचाने के नाम पर 22 जून को वह शख्स उसे अपने साथ लेकर गया। जहां उसने अपने दोस्त के साथ मिलकर कई बार पीड़िता का सामूहिक दुष्कर्म किया।
इस मामले में एक अधिकारी ने कहा कि नाबालिग के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ आईपीसी और POCSO अधिनियम की धाराओं के तहत बलात्कार का मामला दर्ज किया और दो लोगों के खिलाफ सामूहिक बलात्कार का एक अलग मामला दर्ज किया है। अधिकारी ने आगे कहा कि पुलिस ने शुरुआती और पीड़िता की मेडिकल जांच के बाद सोमवार शाम को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।