झारखंड के दुमका से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां काठीकुंड के चंद्रपुरा की छात्रा बांधपाड़ा मोहल्ले में किराये के घर में रहती थी। उसने बॉयफ्रेंड के साथ एक जनवरी को पार्टी की थी। इसके बाद सुबह बेड के नीचे उसका शव मिला। मामले में लड़की के बॉयफ्रेंड पर हत्या का आरोप लगा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। रिपोर्ट के अनुसार, एक जनवरी की रात उसने अपने बॉयफ्रेंड दोस्त मो. अख्तर (चीकू) के साथ पार्टी कर रही थी। सुबह उसका शव बेड के नीचे पड़ा मिला।
जानकारी के अनुसार, सहेली ने देखा कि छात्रा बेड के नीचे लेटी हुई है। उसने उसके बॉयफ्रेंड चीकू से इस बारे में पूछा। इस पर चीकू ने जवाब दिया कि रात में ज्यादा पीने के कारण वह बीमार हो गई है। इसी वजह से वह बेड के नीचे पड़ी है। इसके बाद वह वहां से चला गया। इसके बाद सहेली ने छात्रा को उठाने की कोशिश की तो पाया कि उसके अंदर कोई हलचल नहीं थी। उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद सहेली के होश उड़ गए। उसने फौरन इस बात की सूचना छात्रा के परिजन और पुलिस को दी। घटना की खबर मिलने के बाद मौके पर फॉरेन्सिक टीम पहुंची और जांच की। घटनास्थल से पुलिस ने शराब का गिलास बरामद किया है। पुलिस ने फिंगर प्रिंट ले लिए हैं।
छात्रा ने दो और अन्य युवाओं के साथ की थी पार्टी
मामले में पुलिस ने कहा कि जानकारी के अनुसार, छात्रा ने दो अन्य युवकों के साथ पार्टी की थी। इसके बाद वहां मो. अख्तर उर्फ चीकू गया था। अन्य लड़कों के साथ पार्टी करने के लेकर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। इसके बाद अख्तर ने छात्रा के साथ पार्टी की। सुबह 8:30 बजे जब उसने गेट खोला तो छात्रा का शव बेड के नीचे पड़ा मिला। मामले में दुमका के एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने कहा कि चार आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद छात्रा की मौत और सेक्सुअल असॉल्ट के बारे में जानकारी मिलेगी।
सहेली ने क्या कहा?
मृतका की सहेली ने बताया कि रात में न्यू ईय़र पार्टी के लिए उसका बॉयफ्रेंड आया था। इससे पहले दो लड़के वहां पार्टी कर रहे थे मगर चीकू के आने के बाद वे वहां से चले गए। इसके बाद दोनों के बीच झगड़ा हुआ। चीकू ने छात्रा को मारा-पीटा। इसके बाद उसका शव बेड के नीचे पड़ा मिला।
छात्रा के पिता ने क्या कहा
पिता का कहना है कि वह चार भाई-बहनों में सबसे छोटी थी। वह B.ED कर रही थी। वह टीचर बनना चाहती थी। पढ़ाई के लिए वह चंद्रपुरा गांव से दुमका आई थी मगर आज उसका शव मिला। शव पर चोट के निशान से लगता है कि उसकी हत्या की गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।