एक शानदार एथलीट और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में मेडल जीतने वाले खिलाड़ी ने पंजाब यूनिवर्सिटी की छात्र राजनीति में कदम रखा तो कुख्यात गैंगस्टर बन गया। इस अपराधी का नाम संपत नेहरा है। जी, हां वहीं संपत नेहरा जिसे बॉलीवुड एक्टर सलमान खान को मारने की साजिश करते हुए पकड़ा गया था। इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड लॉरेंस विश्नोई था।
संपत नेहरा मूल रूप से राजस्थान के रायगढ़ का रहने वाला है। संपत के पिता रामचंदर चंडीगढ़ पुलिस में ASI पद से सेवानिवृत्त हो चुके हैं और नेहरा खुद भी एक बेहतरीन एथलीट था। पंजाब यूनिवर्सिटी में छात्र राजनीति में उतरने के बाद संपत खेल से दूर हो गया और अपराध के दलदल में उतर गया। यहां उसे पंजाब, राजस्थान के मोस्टवांटेड अपराधियों में शामिल रहे लॉरेंस विश्नोई का साथ मिला। बस यहीं से संपत नेहरा ने आपराधिक वारदातों को अंजाम देना शुरू किया।
संपत नेहरा पहली बार साल 2016 में एक कार लूट मामले में गिरफ्तार किया गया था, लेकिन जून, 2017 में वह पुलिसकर्मियों की आंख में मिर्च झोंककर फरार हो गया था। वह कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस के इशारे पर काम करता था और संपत पर 5 डकैती, 12 हत्या व 6 गैर इरादतन हत्या, 3 फिरौती समेत कई संगीन जुर्मों में 25 मुकदमें दर्ज हैं। इसके अलावा संपत नेहरा पर पंजाब व राजस्थान पुलिस ने 2 लाख का इनाम भी घोषित किया था।
संपत नेहरा ने पंजाब, चंडीगढ़, दिल्ली व राजस्थान में वारदातों को अंजाम देने के बाद दक्षिण भारत चला जाता था। दक्षिण भारत में अलग-अलग जगहों पर फर्जी पहचान के साथ रुकता था और लॉरेंस उसे हवाला के जरिए पैसे भिजवाता था। लॉरेंस विश्नोई भले ही जेल में बंद रहा, लेकिन उसने संपत नेहरा के जरिए कई हत्याएं करवाई।
संपत नेहरा का नाम उस वक्त चर्चा में आया, जब उसे हरियाणा पुलिस ने तेलंगाना के साइबराबाद से गिरफ्तार किया था। पुलिस को पूछताछ में उसने बताया था कि, लॉरेंस के कहने पर वह बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को मारने वाला था और इसके लिए उसने रेकी करने के साथ तैयारी भी कर ली थी। इसके अलावा वह वारदात को अंजाम देने के बाद विदेश भी भागने की फिराक में था।
दरअसल, लॉरेंस विश्नोई ने सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी थी। क्योंकि वह काला हिरण शिकार मामले से दुखी था और सलमान से बदला लेना चाहता था। ऐसे में लॉरेंस ने इस काम को संपत नेहरा को सौंपा था। वहीं संपत नेहरा, 17 जनवरी 2018 में राजस्थान के सादुलपुरा कोर्ट परिसर में हिस्ट्रीशीटर अजय जैतपुरा की हत्या के चलते वांछित था।
संपत नेहरा इस वक्त राजस्थान की हाई सिक्योरिटी जेल में बंद हैं, लेकिन बीते दिनों ही उसके खिलाफ राजस्थान के चुरू के एक व्यापारी ने रंगदारी मांगने का मामला दर्ज कराया है। व्यापारी ने तहरीर में बताया था कि संपत नेहरा ने जेल के अंदर से वीडियो कॉल कर रंगदारी मांगी थी और उसके कुछ आदमी पैसा लेने दुकान पर धमक पड़े थे। जिसमें पुलिस ने कहा था कि मामले में लूट का केस दर्ज कर जांच की जा रही है और शुरुआती जांच में संपत नेहरा की संलिप्तता पाई गई है।