आजकल इंटरनेट पर साइबर अपराधियों ने ठगी का बड़ा जाल तैयार किया है। जहां वह रोज नई तरकीबों से लोगों को चपत लगाने का काम कर रहे हैं। इसी क्रम में अब ठग सोशल मीडिया के प्लेटफॉर्म्स पर फ्री आईफोन 13 के नाम पर लोगों की गोपनीय जानकारी हासिल कर रहे हैं। इन जानकारियों के दम पर वे कभी भी आपका बैंक खाता खाली कर सकते हैं।
दरअसल, सोशल मीडिया के चर्चित मंच इंस्टाग्राम (Instagram) पर लोगों को फ्री में आईफोन 13 प्रो मैक्स देने का लालच दिया जा रहा है। इस तरीके से इंस्टाग्राम पर कई लोग शिकार बन चुके हैं जो अब इस स्कैम को लेकर अन्य लोगों को बचाव संबंधी चेतावनी भी दे रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस प्रक्रिया में ठग सबसे पहले यूजर के पोस्ट के कमेंट में फ्री में आईफोन जीतने का संदेश डालते हैं। इस संदेश में जालसाज स्पैम लिंक भी डालते हैं।
जालसाज बताते हैं कि आपको सबसे पहले इस लिंक पर जाकर एक फॉर्म भरना होगा, जिनमें बैंक खाते, एटीएम कार्ड सहित कई निजी जानकारियां मांगी जाती हैं। फ्री आईफोन के झांसे में आकर कई लोग इस लिंक क्लिक कर देते हैं। लिंक पर क्लिक करने के बाद एक फर्जी वेब पेज खुल जाता है जिसमें लोग सभी जानकारियां दर्ज कर देते हैं। लोगों को ठगी का संदेह न हो इसलिए जालसाज शिपिंग/कुरियर शुल्क बहुत कम रखते हैं। हालांकि, कई सारे क्रिएटर्स गिव-अवे जैसे अभियान चलते हैं लेकिन यह धोखाधड़ी का बिल्कुल नया तरीका है।
यहां YouTube वीडियो की मदद से निकाले 17 लाख: मुंबई के कांदिवली पश्चिम से सामने आए मामले में एक नौकर ने यूट्यूब वीडियो की मदद से एक बुजुर्ग महिला के खाते से कथित तौर 17 लाख रुपये निकाल लिए। इस चौंकाने वाले मामले में पुलिस ने बताया कि आरोपी नौकर निलेश पटारी कुछ दिन पहले ही एक बुजुर्ग महिला के घर में नौकरी करने पंहुचा था। कुछ दिनों में उसने महिला के एटीएम के बारे में जानकारी हासिल कर ली।
इसके बाद निलेश ने यूट्यूब पर एटीएम पिन बदलने और बैंक खाते से जुड़े मोबाइल नंबर को बदलने से जुड़ा वीडियो देखा। कुछ दिनों बाद उसने कथित तौर पर 17 लाख रूपये निकाल लिए। मामले में जानकारी होने के बाद महिला की पोती ने दहिसर थाने में शिकायत दर्ज कराई। जिसके बाद आरोपी को पकड़ लिया गया। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि पैसे सुरक्षित हैं, वह इन पैसों से एक फ़ूड स्टाल खोलने की योजना बना रहा था।
फरीदाबाद में लाटरी के नाम पर गिरोह लगा रहा था चूना, भंडाफोड़: फरीदाबाद पुलिस ने कथित तौर पर ऑनलाइन धोखाधड़ी और लॉटरी के नाम पर 100 से ज्यादा लोगों को चूना लगाने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किये गए चारों आरोपियों ने एक स्कॉर्पियो गाड़ी को वर्चुअल कॉल सेंटर में बदल दिया था, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर भी वह समय-समय पर पुलिस से बचने के लिए बदल देते थे।
फरीदाबाद पुलिस ने कहा कि यह गिरोह बैंक कर्मचारी बन लोगों को लॉटरी और क्रेडिट कार्ड एक्टिवेशन के नाम पर ठगी को अंजाम देता था। आरोपी लोगों को इनाम जीतने वाले लुभावने ऑफ़र को लेकर फोन करते थे और जीएसटी का भुगतान करने के बाद सामान भेजने की बात करते थे। क्राइम ब्रांच ने फरीदाबाद के दीपक झा (मुख्य साजिशकर्ता), दिल्ली की दीक्षा, उत्तर प्रदेश के सुहैल और दिल्ली के दीपक सिंह को सेक्टर 31 से गिरफ्तार किया है।