बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी के एक बालिका आवास गृह से चार बालिकाएं फरार हो गई हैं। बाद में दो बालिकाओं को पुलिस ने पकड़ लिया। बालिकाओं के फरार होने से हड़कंप मचा हुआ है। गायब दो अन्य लड़कियों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस अफसरों का कहना है कि लड़कियां कैसे और किन हालात में बालिका आवास गृह से फरार हुई। इसकी भी जांच कराई जाएगी। समाज कल्याण विभाग इस मामले में स्थानीय प्रशासन और आवास गृह के स्टाफ वालों से जानकारी मांगी है।
पुलिस खोजबीन में जुटी : पुलिस के मुताबिक सोमवार को समाज कल्याण विभाग के राज्य बाल संरक्षण समिति के मोतिहारी बालिका गृह से चार लड़कियों के अचानक गायब होने की सूचना मिली। बालिका गृह की संचालिका मधु कुमारी से सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल थाना प्रभारी कंचन भास्कर ने खोजबीन शुरू कराई। इस दौरान सोमवार रात एक लड़की बरियापुर गांव से मिल गई। एक अन्य लड़की को चंद्रहिया गांव से खोज लिया गया। बाकी की दो लड़कियों के बारे में पता लगाया जा रहा है।
Hindi News Today, 23 October 2019 LIVE Updates
गायब लड़कियों में एक गर्भवती:संचालिका मधु कुमारी के मुताबिक गायब दोनों लड़कियां पश्चिम चंपारण जिले की हैं। उनके मुताबिक सोमवार को अधिकतर कर्मचारी और अन्य लोग विभागीय काम से बाहर गए थे। इसकी फायदा उठाते हुए चारों लड़कियां मौके से फरार हो गईं। खास बात यह है कि एक लड़की गर्भवती है। बालिका आवास गृह की संचालिका मधु कुमारी का कहना है कि लड़कियां कैसे फरार हुई, इसका पता लगाया जा रहा है। इस मामले पर स्थानीय प्रशासन भी गौर कर रहा है।
मुजफ्फरपुर में भी हुई थी घटना : यहां यह भी गौर करने वाली बात है कि बिहार में बालिका गृहों से बालिकाओं के भागने की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले मुजफ्फरपुर जिले के बालिका गृह में भी ऐसी घटना हुई थी। वहां पर लड़कियों के साथ यौनशोषण का भी आरोप लगा था। यह मामला देश भर में काफी दिनों तक सुर्खियों मेें रहा। उस घटना की जांच सीबीआई कर रही है।
