मॉडलिंग की चकाचौंध भरी दुनिया में जाने की ख्वाहिश कई लोगों की होती है। आज हम ऐसी खूबसूरत मॉडल का जिक्र कर रहे हैं जिन्होंने ग्लैमर से भरी इस दुनिया में बड़ा मुकाम हासिल किया और फिर एक IAS अफसर भी बनीं। साल 2019 से पहले ऐश्वर्या श्योराण की पहचान एक मॉडल और पूर्व मिस इंडिया फाइनलिस्ट के तौर पर थी। मूल रूप से राजस्थान के चुरू जिले के राजगढ़ उपखंड के गांव चुबकिया ताल गांव की रहने वाली ऐश्वर्या श्योराण की पढ़ाई-लिखाई दिल्ली से हुई थी। ऐश्वर्या के पिता अजय श्योराण भारतीय सेना में कर्नल के पद पर थे। ऐश्वर्या श्योराण ने संस्कृति स्कूल चाणक्यपुरी से की थी। ऐश्वर्या 97.5 फीसदी अंकों के साथ एकेडमिक टॉपर भी रह चुकी हैं। श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स से ग्रेजुएशन करने वाली ऐश्वर्या श्योराण का साल 2018 में आईआईएम इंदौर में भी चयन हुआ था।
मॉडलिंग की दुनिया में ऐश्वर्या श्योराण बड़ा नाम हैं। ऐश्वर्या फेमिना मिस इंडिया 2016 में फाइनलिस्ट भी रह चुकी हैं। साल 2015 में ऐश्वर्या ने मिस दिल्ली का ख़िताब भी अपने नाम किया था। ऐश्वर्या 2014 में दिल्ली की क्लीन एंड क्लियर फेस फ्रेश भी रह चुकी हैं। साल 2016 में मुंबई में आयोजित लेक मी फैशन वीक जो देश का सबसे बड़ा फैशन शो है, उसमें देश के जाने माने मॉडल्स के साथ एक मात्र न्यू मॉडल के रूप में भी ऐश्वर्या श्योराण नजर आई थीं।
मॉडलिंग की दुनिया में बड़ा नाम कमाने के बावजूद ऐश्वर्या श्योराण प्रशासनिक सेवा में जाने का सपना देखती थीं। इसके लिए उन्होंने बड़ा त्याग किया। साल 2018 में ऐश्वर्या श्योराण ने मॉडलिंग की दुनिया से ब्रेक लिया था। इसके बाद सबसे पहले उन्होंने यूपीएसी की सिलेबस को समझा और फिर इसकी तैयारी पूरे लगन के साथ शुरू की। खास बात यह भी है कि ऐश्वर्या श्योराण ने यूपीएससी की तैयारी के लिए किसी कोचिंग का सहारा नहीं लिया था।
कहते हैं कठिन मेहनत का फल इंसान को उसकी जिंदगी में हमेशा मिलता है। ऐश्वर्या की मेहनत भी रंग लाई। यूपीएससी की सिविल सर्विसेज परीक्षा 2019 में राजस्थान में चयनित उम्मीदवारों में सबसे चौंकाने वाला नाम ऐश्वर्या श्योराण का ही था। अब तक लोग जिन्हें बतौर मॉडल जानते थे वो अब यूपीएससी क्रैक करने वाली लड़की बन गई थी। ऐश्वर्या श्योराण की पहचान भारतीय प्रशासनिक सेवा के अफसर के तौर पर भी हो गई थी। ऐश्वर्या श्योराण अखिल भारतीय स्तर पर 93वीं रैंक हासिल करने में सफल रही थीं।
