मध्य प्रदेश के ग्वालियर से सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां बाइक सवार तीन बदमाशों ने पूर्व डीजीपी की 19 साल की नातिन की गोली मारकर हत्या कर दी। असल में आरोपी मृतका अक्षया यादव की सहेली को गोली मारने आए थे मगर उनका निशाना चूक गया और गोली मध्य प्रदेश के पूर्व डीजीपी सुरेन्द्र सिंह यादव की नातिन को जा लगी। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से हड़कंप मच गया है। घटना थाना माधौगंज इलाके की है। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

दरअसल, जिस छात्रा की गोली मारकर हत्या की गई वह पूर्व डीजीपी सुरेन्द्र सिंह यादव की नातिन है। नेटवर्क 18 की रिपोर्ट के अनुसार, अक्षया अपनी सहेली सोनाक्षी शर्मा के साथ स्कूटी पर जा रही थी। उसी समय आरोपी सुमित रावत सोनाक्षी की हत्या करने आया था। वह अपने दो साथियों के साथ सोनाक्षी का पीछा कर रहा था। वह सोनाक्षी को एक साल से परेशान कर रहा था।

आरोप है कि उसने सोनाक्षी पर निशाना साधा था मगर चूक गया और गोली अक्षया को लग गई। जैसे ही गोली लगी दोनों छात्राएं स्कूटी ने नीचे गिर गईं। इसके बाद अक्षया को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची औऱ आरोपियों की तलाश में जुट गई। फिलहाल अभी तक आरोपी हिरासत में नहीं लिए गए हैं। उनकी तलाश की जा रही है।

बदमाशों ने कट्टे से की फायरिंग

इस मामले में पुलिस ने कहा कि माधौगंज थाना क्षेत्र के मस्कट हॉस्पिटल रोड पर छात्रा अक्षया अपनी सहेली के साथ स्कूटी से जा रही थी। उसी समय उनका पीछा कर रहे तीन बदमाशों ने कट्टे से फायरिंग कर दी। गोली अक्षया को लगी। वह जमीन पर गिर पड़ी। आस-पास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। थोड़ी देर में पुलिस घटना स्थल पर पहुंची औऱ छात्रा को लेकर जयरोग्य अस्पताल ले गई। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

फिलहाल पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए नाकेबंदी कर दी गई है। इस मामले में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने ग्वालियर में पूर्व डीजीपी की नातिन की हत्या पर दुख जाहिर किया है। साथ ही प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है।