महाराष्ट्र के परभणी जिले से दिल दुखाने वाली खबर सामने आ रही है। यहां एक महिला डॉक्टर ने कथित तौर पर अपनी जान दे दी। कथित तौर पर महिला के पास तीन या सवातीन बजे के आस-पास एक फोन आया था। फोन आने के बाद वह परेशान होकर ऊपर कमरे में चली गई। इसके बाद वह बेसुध हालत में कमरे के फर्श पर गिरी हुई मिली। वहीं उसकी दुपट्टा फर्श पर लटक रहा था।
क्यों परेशान हो रही थी महिला
दरअसल, महाराष्ट्र के परभणी जिले में पति और ससुराल वालों पर आरोप है कि वे महिला डॉक्टर से एक करोड़ रुपये की मांग कर रहे थे। इस कारण वह परेशान थी और उसने अपनी जिंदगी खत्म कर ली। वह इतनी टेंशन में थी कि उसने खुदकुशी कर ली। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। प्राथमिकी के अनुसार, डॉ. प्रियंका भुमरे ने 2022 में बीड निवासी नीलेश व्हारकाटे से शादी की थी। करीब दो महीने बाद उसके ससुराल वाले कथित तौर पर एक अस्पताल खोलने के लिए एक करोड़ रुपये की मांग करने लगे और उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
महिला की शिकायत पर, पुलिस ने इस साल अगस्त में नीलेश, उसके माता-पिता, भाई और बहन पर घरेलू हिंसा का मामला दर्ज किया था। प्राथमिकी के अनुसार इसके बाद महिला डॉक्टर परभणी जिले के पालम कस्बे में अपनी मां के साथ रहने लगी, लेकिन उसके पति और ससुराल वाले रुपयों के लिए फोन पर उस पर दबाव बनाते रहे।
सोमवार को करीब तीन बजे डॉ. प्रियंका को एक फोन आया और वह अपनी मां के घर में ऊपरी मंजिल पर चली गईं। बाद में एक रिश्तेदार ने महिला डॉक्टर को फर्श पर बेसुध पड़ा देखा, जबकि छत पर लगे हुक से उनका दुपट्टा लटका हुआ था। मां का आरोप है कि फोन ससुराल वालों का था वे बार-बार पैसे की मांग कर परेशान कर रहे थे।
प्राथमिकी में कहा गया है कि उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके अनुसार डॉ प्रियंका की मां की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पालम पुलिस ने महिला चिकित्सक के पति और चार रिश्तेदारों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।