गुजरात के राजकोट से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां गोंडल में अपने दो नाबालिग बेटों को जहर देकर हत्या करने के तीन दिन बाद आरोपी पिता का शव गोंडल जेल के अंदर मिला। मृतक शख्स 47 साल का था। रिपोर्ट के अनुसार, उसने जेल में सुसाइड कर लिया। यह घटना उसे हिरासत में लेकर जेल अधिकारियों को सौंपने के कुछ ही घंटों के भीतर हुई। दरअसल, अपने बेटों रोहित (13) और हरेश (3) की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किए गए राजेश मकवाना को सोमवार शाम को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था।

मामले में गोंडल शहर के ‘बी’ डिवीजन पुलिस स्टेशन के प्रभारी पुलिस इंस्पेक्टर जयदेव देसाई ने हमारे सहयोगी द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि मामला तब सामने आया जब एक शख्स मंगलवार सुबह जेल के शौचालय में गया।

यह जेल शहर की नव अधिसूचित ‘बी’ डिवीजन पुलिस के अधिकार क्षेत्र में स्थित है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि एक दिहाड़ी मजदूर मकवाना मंगलवार सुबह 6.45 बजे उप-जेल के यार्ड नंबर 1 में बैरक नंबर 1 में मृत पाया गया। जांच में पता चला कि मकवाना ने शुक्रवार देर रात अपने दो बेटों को जहर दे दिया था। जिसके बाद रविवार सुबह पुलिस ने मकवाना को गिरफ्तार कर लिया था।

जानकारी के अनुसरा, शनिवार को राजकोट सिविल अस्पताल में दस्त और उल्टी के इलाज के दौरान दो लड़कों की मौत हो गई थी। मकवाना ने शुरू में पुलिस को बताया था कि गोंडल शहर में वोरा कोटडा रोड पर एक स्थानीय दरगाह पर खाना खाने के बाद उनके दो बेटे बीमार पड़ गए थे। हालांकि, मकवाना की पूर्व पत्नी हीरल मुछड़िया की शिकायत के आधार पर पुलिस ने उन पर लड़कों की हत्या का मामला दर्ज किया था।

आरोपी को शक था कि दोनों बेटे उसके नहीं हैं

देसाई ने कहा कि जांच के दौरान, मकवाना ने कबूल किया था कि उसने अपने दो बेटों को एक पाउडर पिलाया था। इसका इस्तेमाल अनाज को कीड़ों से बचाने के लिए किया जाता है। आरोपी मकवाना ने बेटों को इसलिए मार डाला क्योंकि उसे शक था कि वह उनका पिता नहीं है। पुलिस ने बताया कि मकवाना का अपनी पत्नी हीरल से इस मुद्दे पर अक्सर झगड़ा करता था।

पुलिस ने बाद में पाउडर की एक खाली और भरी थैली बरामद की। हिरासत में पूछताछ के दौरान मकवाना ने पुलिस को बताया था कि उसने अपने बेटों को मारने और फिर खुद की जान लेने की योजना बनाई थी। पुलिस ने मकवाना को सोमवार शाम स्थानीय अदालत में पेश किया था। चूंकि पुलिस ने उसकी रिमांड नहीं मांगी, इसलिए अदालत ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।

जानकारी के अनुसार, मकवाना और मुछड़िया की शादी को 15 साल हो गए थे। 28 अगस्त को दोनों का तलाक हो गया। अमरेली जिले के वाडिया गांव के निवासी मकवाना को दोनों बेटों की कस्टडी मिल गई थी। लगभग 10 दिन पहले ही मकवाना वाडिया से गोंडल शहर चला गया था। मामले में आगे की कार्रवाई का जा रही है।