राजस्थान के जयपुर में नाबालिग बहनों के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। यहां अलवर जिले के एक ईंट भट्टे पर 13 और 15 साल की दो बहनों के साथ पिता के दो सहकर्मियों ने कथित तौर पर बलात्कार किया। मामले का खुलासा तब हुई जब दोनों लड़कियां गर्भवती हो गईं।

नाबालिगों के पिता ने शुक्रवार को इस संबंध में एनईबी थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी 15 और 13 साल की बेटियों के साथ सप्पी और सुभान ने बलात्कार किया। मामले का खुलासा तब हुआ जब बड़ी बेटी के पेट में दर्द होने लगा। पीड़िता को स्वास्थ्य संबंधित परेशानियां हो रही थीं।

बड़ी बेटी साढ़े सात माह की गर्भवती

इस मामले में पुलिस ने बताया कि पीड़िता के पेट में दर्द होने पर उसके माता-पिता उसे डॉक्टर के पास ले गए। इसके बाद डॉक्टर ने उन्हें बताया कि वह साढ़े सात महीने की गर्भवती है। इसके बाद पीड़िता के माता-पिता ने उससे पूछताछ की तब उसने बताया कि सप्पी और सुभान ने उसके साथ बलात्कार किया था। उसने खुलासा किया कि उन्होंने उसकी छोटी बहन के साथ भी बलात्कार किया था। लड़की का आरोप है कि आरोपियों ने घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी।

दुष्कर्म की घटना पर पुलिस अधीक्षक (अलवर) आनंद शर्मा का कहना है कि शुक्रवार को एनईबी पुलिस स्टेशन में एक एफआईआर दर्ज की गई और लड़कियों की मेडिकल जांच कराई गई। मेडिकल जांच में पुष्टि हुई कि दोनों लड़कियां गर्भवती हैं। पुलिस ने बताया कि छोटी लड़की ढाई महीने की गर्भवती है।

घटना के बारे में एनईबी एसएचओ अनिल जैन ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। इस संबंध में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। उन्होंने आगे कहा कि बेटियां अपने परिवार के साथ ईंट भट्ठे के पास रहती हैं। उनके माता-पिता ईंट भट्ठे पर काम करते हैं। फिलहाल आगे की कार्रवाई की जा रही है।