मोहाली पुलिस ने एक ऐसे फोटोग्राफर को पकड़ा है जो लड़कियों को एक मशहूर प्रोड्यूसर के साथ काम दिलाने के बहाने उनकी गंदी तस्वीरें खींचता था। पुलिस ने इस फर्जी फोटोग्राफर को दिल्ली से पकड़ा है। आरोपी का नाम ओबेद अफरीदी बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक ओबेद दिल्ली के वेस्ट संत नगर इलाके में रहता है। ओबेद लड़कियों से वादा करता था कि वो उन्हें जाने-माने पंजाबी प्रोड्यूसर गनबीर सिंह के साथ काम करने का मौका दिलाएगा। आपको बता दें कि गनबीर सिंह White Hill स्टूडियो, म्यूजिक और बैनर के मालिक हैं।
पंजाबी फिल्मों के मशहूर निर्माता गनबीर सिंह को उनके नाम पर चल रही इस धोखेबाजी का पता उस वक्त चला जब उनके एक दोस्त ने उन्हें इस बारे में बताया। प्रोडक्शन हाउस में काम दिलाने के नाम पर लड़कियों के शोषण का पता चलते ही इस मामले में प्रोड्यूर गनबीर सिंह ने भारतीय दंड संहिता की धारा 419, 429 समेत आईटी एक्ट की अन्य धाराओं के तहत तुरंत थाने में केस दर्ज कराया था।
गनबीर सिंह के मुताबिक आरोपी ओबेद दो मोबाइल फोन इस्तेमाल करता था और इन दोनों पर वो Whats app का इस्तेमाल करता था। वो महिला मॉडलों को उनके प्रोडक्शन हाउस में काम दिलाने का झूठा वादा भी करता था।
सूत्रों के मुताबिक ओबेद अफरीदी ने कम से कम 40 लड़कियों से संपर्क कर उनकी गंदी तस्वीरें मांगी थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को पकड़ कर उससे कड़ाई से पूछताछ की है। ओबेद लड़कियों को बुलाकर उनसे अर्द्धनंगी तस्वीरें खींचवाने की डिमांड करता था।
इस मामले में पुलिस की जांच अभी जारी है। हालांकि अभी तक किसी भी उभरती मॉडल ने ओबेद अफरीदी के खिलाफ केस दर्ज नहीं कराया है। बताया जा रहा है कि ओबेद पहले फैशन फोटोग्राफर के तौर पर काम कर चुका है। ओबेद के फेसबुक प्रोफाइल पर कई मॉडलों की तस्वीरें भी मिली हैं। अब पुलिस इस मामले में गहन छानबीन कर रही है। (और…) CRIME NEWS

