राजधानी दिल्ली से सटे पलवल में मंगलवार की सुबह 6 लोगों की हत्या ने हड़कंप मचा दिया। दिल दहला देने वाली सभी हत्याओं को घंटे भर के भीतर अंजाम दिया गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एक साइको किलर ने लोहे की रॉड से लोगों को पीट-पीटकर मार डाला। पुलिस के मुताबिक आरोपी का नाम नरेश धनकड़ है और वह सेना में लेफ्टीनेंट रह चुका है। वर्तमान में आरोपी हरियाणा के कृषि विभाग के लिए काम करता है। पुलिस ने आरोपी के मानसिक तौर पर बीमार होेने का भी अंदेशा जताया। आरोपी को घायल हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया लेकिन वहां से उसे फरीदाबाद के एक अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने सुबह ढाई बजे से साढ़े तीन बजे के बीच सभी हत्याएं कीं। सभी हत्याओं अलग-अलग जगहों पर की गईं एक सुरक्षाकर्मी सेे सूचना मिली कि आखिरी वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपी ने सबसे पहले अस्पताल में एक महिला की हत्या की। उसके बाद चार अन्य लोगों को आगरा रोड और पलवल के मीनार गेट के बीच में मार डाला।
पुलिस ने एक सीसीटीवी वीडियो भी जारी किया है, जिसमें आरोपी ने नीले रंग का स्वेटर और सफेद पैंट पहना हुआ है। वह अस्पताल के कॉरीडोर में घुसता हुआ दिाखाई देता है। उसके हाथ में एक लोहे की रॉड है। वीडियो सुबह ढाई बजे का है। वीडियो में शख्स यहां-वहां देखता हुए देिखाई देता है। अस्पताल की पहली मंजिल पर आइसीयू के बाहर वह महिला की हत्या कर देता है। 35 वर्षीय महिला अपनी एक रिश्तेदार की डिलीवरी के लिए अस्पताल गई थी।
पुलिस ने सभी शव 2-3 किलोमीटर के भीतर बरामद किए। माना जा रहा है कि आरोपी ने सभी हत्याएं एक घंटे से भी कम समय में कीं और उन्हें पुलिस थाने बहुत नजदीक अंजाम दिया। पुलिस ने लोगों से एहतियात बरतने की अपील की है।
आरोपी को पलवल के आदर्श नगर इलाके से पकड़ा गया। आरोपी ने उस पकड़ने गए पुलिसवालों पर भी हमला किया। उसे पहले जिला अस्पताल ले जाया गया फिर फरीदाबाद स्थित एक अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। इस सीरियल हत्याकांड के बाद जिले को हाई अलर्ट पर रखा गया है।