‘अंग्रेजी मीडियम’ का टीचर बन इस व्यक्ति ने कई नाबालिग लड़कियों का यौन शोषण किया। दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने इस वांटेड क्रिमिनल धवल त्रिवेदी को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। धवल त्रिवेदी के सिर पर 5 लाख रुपए का इनाम घोषित किया गया था। यह इनाम मुंबई सीबीआई ने घोषित कर रखा था। धवल त्रिवेदी के बारे में बताया जाता है कि वो लड़कियों को ट्यूशन देने के बहाने उनका यौन शोषम किया करता था। धवल त्रिवेदी को सीरियल रेपिस्ट बताया जाता है।
धवल त्रिवेदी को दबोचने के बाद क्राइम ब्रांच ने बताया कि उसे नाबालिग लड़कियों के यौन शोषण की आदत है। उसके सिर पर इनाम घोषित किया गया था। एक मशहूर स्कूल में अंग्रेजी के शिक्षक के तौर पर काम कर चुके धवल त्रिवेदी पर आरोप है कि उसने 16 साल की दो लड़कियों को अगवा कर उनका कई दिनों तक यौन शोषण किया। राजकोट की एक अदालत ने इस मामले में उसे उम्रकैद की सजा सुनाई थी।
दोनों लड़कियों को उनके हॉस्टल से अगवा किया गया था। रेप की इस घटना के 2 साल बाद धवल त्रिवेदी को साल 2014 में जुलाई के महीने में गिरफ्तार किया गया था। उस वक्त सीआईडी ने जो चार्जशीट फाइल की थी उससे पता चला था कि यह एक सीरियल ऑफेन्डर है। खुलासा हुआ था कि त्रिवेदी ने दो लव मैरेज किये और दोनों विवाह आगे जाकर टूट गए। बताया जाता है कि उसने 8 से ज्यादा लड़कियों का यौन शोषण किया है।
दोनों लड़कियों के यौन शोषण के मामले में जब उसे उम्रकैद की सजा हुई तब वो पैरोल पर बाहर आया और फिर अचानक गायब हो गया। साल 2018 में उसने 18 साल की एक लड़की को अपने प्रेम जाल में फंसाया और उसे घर से भगा कर ले गया। बताया जाता है कि यह लड़की करीब डेढ़ साल बाद अपने घर वापस लौटी। यह लड़की धवल त्रिवेदी के पास ट्यूशन पढ़ने जाती थी और फिर एक दिन धवल उसे फुसलाकर अपने साथ ले गया।
लड़की ने वापस आने के बाद बताया था कि जब वो गर्भवती हुई तब धवल ने उसे अबॉर्शन कराने की सलाह दी थी लेकिन उसने ऐसा करने से इनकार कर दिया। इसके बाद धवल ने इस लड़की को भी छोड़ दिया। धवल पुलिस से बचने के लिए कई राज्यों में घूमता रहता था हालांकि अब वो पुलिस की गिरफ्त में है।